चेतावनी स्तर के करीब बह रही गंगा, बाढ़ चौकियों और नगर निगम को किया अलर्ट

ऋषिकेश : पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। सोमवार सुबह गंगा का पानी त्रिवेणी घाट स्थित आरती स्थल तक पहुंच गया। त्रिवेणीघाट पर गंगा चेतावनी स्तर से 60 सेंटीमीटर नीचे 338.98 मीटर पर बह रही है। नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।

शनिवार की रात को तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद नदी नाले उफान पर आ गए। गंगा की सहायक नदियां अब भी उफान पर हैं। चंद्रभागा नदी, खारास्रोत, सौंग, सुसवा आदि का जलस्तर बढ़ गया है।

नगर निगम की ओर से रविवार को नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मुनादी करा दी थी, सोमवार को भी मुनादी की गई। अधिकांश लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। वहीं गौहरी माफी, साहबनगर, चंद्रेश्वर नगर, मायाकुंड में नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर रखा गया है। त्रिवेेणी घाट पर जल पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। गंगा में नहाने वालों को ज्यादा तेज बहाव में नहाने रोका जा रहा है।

पहाड़ को काटकर किया समतल
भोगपुर क्षेत्र के रखवाल ग्राम पंचायत के पाली गांव में कॉलोनाइजर की ओर से पहाड़ी को काटकर उसे समतल किया जा रहा है। शनिवार की रात को आई तेज बारिश के कारण प्लाटिंग क्षेत्र का मलबा ग्राम पंचायत सारंगधरवाला के बैरागढ़ा गांव में घुस गया था। लोगों के घर, आंगन और रास्तों पर पूूरा मलबा आ गया था। लोगों को भारी नुकसान हुआ था। क्षेत्रीय पटवारी की ओर से प्रोपर्टी डीलर के खिलाफ रानीपोखरी थाने में तहरीर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *