नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने तहरीक ए हुर्रियत पर प्रतिबंध लगा दिया है, यूएपीए कानून के तहत यह कार्रवाई की गई है केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस बारे में एक्स पर पोस्ट किया है।
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में आतंकवाद की कमर तोड़ने का काम जारी है, मुस्लिम लीग ऑफ जम्मू कश्मीर पर प्रतिबंध लगाने के बाद अब तहरीक-ए-हुर्रियत (TeH) पर भी बैन (Tehreek-e-Hurriyat Ban) लगा दिया गया है। गृह मंत्रालय ने यूएपीए कानून के तहत यह कार्रवाई की है। इस बात की जानकारी गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर की है।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘तहरीक-ए-हुर्रियत, जम्मू-कश्मीर (टीईएच) को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत एक ‘गैरकानूनी संगठन’ घोषित किया गया है। यह संगठन जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग करने और इस्लामिक शासन स्थापित करने की निषिद्ध गतिविधियों में शामिल है।’’
पाकिस्तान समर्थक इस समूह का नेतृत्व पहले दिवंगत अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी के हाथों में था। इसके बाद इसका नेतृत्व मसर्रत आलम भट के पास आ गया। भट को भारत विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन में एजेंडा चलाने के लिए जाना जाता है।भट फिलहाल जेल में है और उसकी पार्टी ‘मुस्लिम लीग ऑफ जम्मू कश्मीर’ को 27 दिसंबर को प्रतिबंधित संगठन घोषित कर दिया गया था।
ये संगठन भारत के खिलाफ दुष्प्रचार और आतंकी गतिविधि में शामिल है
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि ये संगठन जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग करने की साजिश में शामिल है, साथ में ये संगठन भारत के खिलाफ दुष्प्रचार और आतंकी गतिविधि में शामिल है, गृह मंत्री बोले कि आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भारत विरोधी गतिविधि में शामिल किसी भी व्यक्ति या संगठन के मंसूबों को नाकाम कर दिया जाएगा।
