रुद्रप्रयागः मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर सही साबित हुआ है. केदारघाटी समेत रुद्रप्रयाग जिले में बारिश शुरू हो गई है. वहीं, केदारनाथ धाम में बर्फबारी हो रही है, जिसके बाद केदारनाथ यात्रा सोनप्रयाग में रोक दी गई है. इसके अलावा फाटा और गौरीकुंड से हेलीकॉप्टर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं. रुद्रप्रयाग सर्किल ऑफिसर प्रमोद घिल्डियाल ने हेलीकॉप्टर सेवाएं निलंबित होने की पुष्टि की है.
बता दें कि देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से दो दिन का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार को उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट कहा गया. ऐसे में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत भी दी गई है.बर्फबारी और बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा रोकी गई.
तीर्थयात्रियों से रुद्रप्रयाग में रुकने की अपीलः रुद्रप्रयाग सर्कल ऑफिसर प्रमोद घिल्डियाल ने केदारनाथ यात्रा के लिए पहुंच रहे तीर्थयात्रियों से रुद्रप्रयाग में रुकने की अपील की है. रुद्रप्रयाग बाजार में लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा है. केदारनाथ धाम में मई माह में दिसंबर-जनवरी जैसी बर्फबारी हो रही है. बर्फबारी के कारण धाम पहुंच रहे यात्रियों को भारी ठंड और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है, जो यात्री आज सुबह केदारनाथ भेजे गये थे, उन्हें भी सुरक्षित ठिकानों पर रूकने की सलाह दी गई है.
वहीं, आपदा प्रबंधन अधिकारी रुद्रप्रयाग नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बारिश और बर्फबारी के कारण गौरीकुंड, सोनप्रयाग और फाटा में 10,000 से 20,000 तीर्थयात्री रुके हुए हैं. यात्रियों की सुरक्षा के सारे इंतजाम कर लिए हैं. एहतियातन एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई है. केदारनाथ में फिलहाल 10,000 से 12,000 श्रद्धालु ठहरे हुए हैं.
