पुलवामा जैसा हमला करने की फिराक में लश्कर के आतंकी, सुरक्षा एजेंसियों ने भेजा अलर्ट

श्रीनगर l जम्मू-कश्मीर में आतंकी एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए बड़े आंतकी हमले की साजिश रच रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इस बाबत अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक कई आतंकी संगठनों के करीब 35 आतंकी लाइन ऑफ कंट्रोल के आसपास देखे गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक ये आतंकी भारत में घुसपैठ की कोशिश करेंगे और इनके निशाने पर सबसे पहले सुरक्षाबल के जवान होंगे। अलर्ट में कहा गया है कि घाटी में मौसम सामान्य हो गया है जिसका आतंकियों को भी इंतजार था। जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के बीच घुसपैठ करना काफी मुश्किल होता है लिहाजा आतंकी भी इस मौसम का इंतजार करते हैं ताकि घुसपैठ के दौरान उन्हें मौसम की मार ना झेलनी पड़े।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के पीर पांजाल रेंज के पास केरन के पीछे तीन आतंकी ग्रुप की मुवमेंट चल रही है। इसके अलावा लश्कर-ए-तैयबा के पांच आतंकी, हिजबुल मुजाहिद्दीन के चार आतंकी और बाकी आतंकी संगठनों के करीब पांच आतंकी भारत की सीमा में घुसपैठ के लिए पूरी तरह तैयार हैं और भारत में घुसने के लिए मौके की तलाश में हैं। इसके अलावा नौगाम के लीपा इलाके में भी पांच आतंकियों के एक ग्रुप को देखा गया है।

पीर पंजाल के दक्षिणी हिस्से में भी दो सदस्यों वाले तीन गुट देखे गए हैं। माना जा रहा है ये ग्रुप लश्कर-ए-तैयबा का है जो बिंबेर गली के पीछे छिपे हैं। माना जाता है कि छिप छिपकर ये गुट सुरक्षाबलों पर हमले करता रहता है। आतंकियों की घुसपैठ की खबर के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों को अलर्ट भेजा है। अलर्ट में कहा गया है कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी श्रीनगर के बटमालू इलाके में सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *