देहरादून : भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राज्य के कई बड़े चेहरों को जगह न मिलने से उनके समर्थक मायूस हैं। लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, पूर्व मंत्री मदन कौशिक, पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, पूर्व अध्यक्ष और विधायक बंशीधर भगत जैसे नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में एडजस्ट किए जाने की चर्चा चल रही थी। लेकिन फिलहाल इनमें से किसी को भी शीर्ष नेतृत्व ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह नहीं दी है।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक ढांचे को और मजबूती देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को जगह मिली है। बंसल को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। सांसद नरेश बंसल राज्यसभा जाने से पूर्व भाजपा के राज्य संगठन में कई अहम पदों पर रह चुके हैं।
उन्होंने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष के अलावा प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर लम्बे समय से काम किया है। भाजपा के जानकारों का कहना है कि संगठन में लम्बे समय तक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करने के बदले ही पार्टी ने अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
अगले साल लोकसभा के चुनाव होने हैं और भाजपा अभी चुनावों की तैयारी में जोर शोर से जुटी हुई है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राज्य से कई अन्य चेहरों को भी शामिल किए जाने की उम्मीद थी लेकिन फिलहाल पार्टी हाईकमान ने बंसल को ही तरजीह दी है।
