चारधाम यात्रा: 3 दिन में 5 लाख से ज्यादा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, इस धाम में ज्यादा जाएंगे भक्तजन

देहरादून: उत्तराखंड चारधाम यात्रा के कपाटों के खुलने की तारीखों का ऐलान हो चुका है। चारों धामों के कपाटों की तारीखों के खुलने के ऐलान के साथ ही उत्तराखंड सरकार की तैयारियां भी पूरी जोरों पर चल रहीं हैं। चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 5 लाख के पार पहुंच गया है।

पर्यटन विकास परिषद की ओर से जारी डेटा के अनुसार, यमुनोत्री के लिए 93,803, गंगोत्री के लिए 96,445, केदारनाथ के लिए 1 लाख 66 हजार 576 और बदरीनाथ धाम के लिए 1.55 लाख 46 के रजिस्ट्रेशन हुए है। हेमकुंड साहिब के लिए 5151 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। शुरुआती तीन दिनों में चार धाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की संख्या 5.17 लाख पहुंच गई है।

ऑनलाइन उमड़ रहे श्रद्धालुओं के सैलाब को देखते हुए सरकार को इस बार व्यापक इंतज़ाम करने होंगे। जबकि, प्राइवेट गाड़ियों से आने वाले भक्तजनों की रजिस्ट्रेशन संख्या 5802 के पार पहुंच चुकी है।

चारधाम यात्रा रूट पर तीर्थ यात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए सड़कों, स्वास्थ्य,बिजली, पानी आदि की बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। आपको बता दें कि उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत दिनों चारधाम पर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के सख्त निर्देश जारी किए थे।

चारधाम के कपाट खुलने की यह है तारीख

उत्तराखंड चारधाम यात्रा के लिए धामों के कपाट खुलने की तारीखों क ऐलान हो चुका है। भगवान ‘भोले’ को समर्पित केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को खोले जाएंगे, जबकि चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खुलेंगे। उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट 30 अप्रैल को दर्शनार्थ खोले जाएंगे, जबकि श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खुलेंगे।

चारधाम के लिए ऐसे होगा रजिस्ट्रेशन

उत्तराखंड चारधाम यात्रा जाने के लिए धामी सरकार ने ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य किया है। registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर भी भक्तजन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके अलावा, मोबाइल ऐप से भी चारधाम रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। touristcareuttarakhand पर भी पंजीकरण कराया जा सकेगा। हेलीकॉप्टर यात्रा के लिए हेली टिकट heliyatra.irctc.co.in पर बुक होंगे और इसकी बुकिंग अप्रैल पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *