नई दिल्ली। अगर आप भी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में (EPFO) खाताधारक हैं तो यह खबर आप से जुड़ी है। नोएडा जिले के आठ लाख से अधिक पीएफ खाताधारक पासबुक नहीं देख पा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि उन्हें मोबाइल मैसेज में भी सही जानकारी नहीं मिल रही है। क्षेत्रीय कर्मचारी भविष्य निधि संगठन कार्यालय के अनुसार, अप्रैल में समस्या खत्म हो जाएगी।
सेक्टर-12 निवासी संतोष ने कहा कि वे ऐप और वेबसाइट पर पासबुक नहीं देख पा रहे हैं। कई बार कोशिश करने के बाद भी उन्हें सफलता नहीं मिल रही है। ईपीएफओ की ओर से मोबाइल पर भेजे जा रहे संदेश में भी पीएफ राशि की अपडेट जानकारी नहीं मिल रही है।
सेक्टर-55 निवासी वंदना ने कहा कि कई दिन से पासबुक देखने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दिक्कत के बारे में वेबसाइट में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। पैसा निकालने में भी दिक्कत हो रही है। सेक्टर-100 निवासी हरीश ने कहा कि उनका पैसा नहीं निकल पा रहा है। न ही पासबुक देख पा रहे हैं। संगठन को इसकी जानकारी वेबसाइट पर देनी चाहिए कि यह दिक्कत क्यों हो रही है।
ईपीएफओ के कर्मचारियों का कहना है कि वेबसाइट को अपडेट किया जा रहा है। इस कारण खाताधारकों को दिक्कत हो रही है। कुछ दिन में समस्या का समाधन हो जाएगा। इसके बाद खाताधारकों को और बेहतर सुविधा मिलेगी। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम शशांक दिनकर ने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसका प्रयास जारी रहता है। यदि कोई समस्या है तो उसका समाधान किया जाएगा।
सेक्टर-24 स्थित क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 8.50 लाख सक्रिय पीएफ खाताधारक हैं। इन खाता धारकों की सुविधा के लिए कार्यालय में हेल्प डेस्क और अन्य काउंटर हैं। खाताधारक इन काउंटर पर कार्यदिवस में अपनी समस्या के समाधान के लिए पहुंच सकते हैं। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम शशांक दिनकर ने कहा कि खाताधारकों को कोई दिक्कत न हो इसका ध्यान रखा जाता है। कर्मचारियों को निर्देश है कि खाताधारकों को दिक्कत का तत्काल समाधान किया जाए। कर्मचारी यदि विलंब करते हैं तो इसकी जानकारी कार्यालय के अधिकारियों को खाताधारक दे सकते हैं।
हर महीने लगती है अदालत
लोगों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय में हर माह की 10 तारीख को निधि आपके निकट अदालत लगती है। इसमें लोग पीएफ संबंधी अपनी समस्याओं को अधिकारी के सामने रख सकते हैं और उसका जल्द से जल्द निदान का प्रयास किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार 82 से 85 समस्याओं का तुरंत निदान कर दिया जाता है। बाकी समस्याओं को तीन से चार दिन में खत्म करने का प्रयास रहता है।
ई-नॉमिनेशन के लिए अंतिम तारीख नहीं
संगठन के मुताबिक ई-नॉमिनेशन के लिए अंतिम तारीख अभी सरकार की ओर से घोषित नहीं हुई है। जिले के पीएफ खाता धारक ई-नॉमिनेशन करा लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। ई-नॉमिनेशन में खाता धारक एक से अधिक नामित व्यक्ति बना सकता है और उन्हें अपनी इच्छानुसार पीएफ राशि के लिए नामित कर सकता है। खाता धारक की मृत्यु होने पर ई-नॉमिनेशन यदि है तो नॉमित व्यक्ति को पैसा निकालने में दिक्कत नहीं होगी।
