जन शिकायतों के तुरंत समाधान के साथ ही पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराए अफसर : सीएम धामी

देहरादून l मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जन शिकायतों का शीघ्र समाधान करेंगे। जन शिकायतों का समुचित रिकॉर्ड रखेंगे। यह ब्योरा उपलब्ध कराएंगे कि कितनी शिकायतों का निपटारा हुआ। जन शिकायतों का लगातार फॉलोअप करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में सीएम धामी के पास लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने आगंतुकों को हर संभव सहायता के प्रति आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ब्लॉक स्तर की समस्याओं का निराकरण ब्लॉक स्तर पर और जिला स्तर की समस्याओं का निराकरण जिला स्तर पर हो जाना चाहिए। लोगों को अपनी अपनी समस्याओं के हल के लिए परेशान न होना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश की जनता से जो भी वायदे किए हैं तथा राज्य के विकास के लिये जो भी संकल्प लिये है, उन्हें समयबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *