दहशत के साए में पाक! लाहौर से लेकर कराची तक हुआ धुआं-धुआं

नई दिल्ली: पूरा पाकिस्‍तान इस वक्‍त दहशत के साए में है. 6-7 मई की आधी रात को पाकिस्‍तान और पीओके में भारत ने 9 आतंकी ठिकानों को ध्‍वस्‍त कर दिया, जिसमें 100 से ज्‍यादा आ‍तंकियों के मारे जाने की खबर है. वहीं गुरुवार को पाकिस्तान के लाहौर से लेकर कराची तक एक के बाद एक धमाके होने की खबर सामने आ रही है. गुरुवार को लाहौर में धमाके की आवाज सुनी गईं और आसमान में काले धुएं का गुबार नजर आया. वहीं लाहौर के बाद कराची में भी धमाके की खबर है. इसके बाद पाकिस्‍तान में अफरा-तफरी मची हुई है.

लाहौर में हुए 3 धमाके

जानकारी के मुताबिक लाहौर के गोपाल नगर और नसीराबाद इलाके में वाल्टन रोड पर वाल्टन एयरपोर्ट के पास कई धमाकों की आवाज सुनी गई. इसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए. इलाके में सायरन की आवाजें सुनाई देने लगीं. इस घटना के बाद, क्षेत्रीय तनाव के कारण लाहौर और सियालकोट में कई प्रमुख हवाई मार्गों को गुरुवार सुबह व्यावसायिक उड़ानों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. वहीं बलूचिस्तान में भी बलूच लिबरेशन आर्मी ने सेना की गाड़ी पर हमला कर दिया. इस ब्लास्ट में कई पाकिस्तानी सैनिकों की मौत की जानकारी भी सामने आ रही है.

कराची में भी धमाके

लाहौर के बाद कराची में भी धमाके की खबर सामने आई है. कराची के शराफी गोथ के पास विस्फोट की आवाज सुनी गई है. इलाके के एसएसपी मालिर ने इसकी पुष्टि की है. वहीं पुलिस ने घटनास्थल से धातु के टुकड़े बरामद किए हैं. इसके साथ रावलपिंडी में भी विस्‍फोट की खबर आ रही है. इससे पूरे पाकिस्‍तान में दहशत का माहौल है.

पाकिस्‍तानी आर्मी ने भी किया स्‍वीकार

पाकिस्तान की सेना ने भी धमाकों की बात को स्‍वीकार किया है और  खुद इस बात की जानकारी दी है. पाकिस्तान आर्मी के मुताबिक भारत ने पाकिस्तान में 12 जगहों पर ड्रोन से हमले किए हैं. पाकिस्तान की ओर से अमृतसर में मिसाइल हमला किया गया, जिसे भारत ने नाकाम कर दिया. ऐसे में पाकिस्तानी सेना ये मान रही है कि भारत ने जवाबी कार्रवाई में ये 12 हमले किए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *