पूर्वांचल की इन सीटों पर टिकटों में उलझे दल, बढ़ता जा रहा इंतजार

गोरखपुर। लोकसभा चुनाव में पिछले दो दशक के आंकड़े बताते हैं कि प्रत्याशियों की घोषणा में बसपा अव्वल तो वहीं भाजपा सबसे पिछले पायदान पर रही है। लेकिन इस बार ठीक उलटा है। भाजपा ने गोरखपुर-बस्ती मंडल की नौ लोकसभा सीटों में देवरिया को छोड़कर सभी आठ सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बसपा सिर्फ बस्ती और डुमरियागंज तो सपा गोरखपुर और बस्ती सीट पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर सकी है। कांग्रेस अपने कोटे की तीनों लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। बस्ती को छोड़ दें तो कोई लोस सीट ऐसी नहीं है, जहां सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवारों की घोषणा हुई है।

बस्ती लोकसभा सीट पर तीनों प्रमुख दलों ने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। यहां से भाजपा ने हरीश द्विवेदी, सपा-कांग्रेस गठबंधन ने राम प्रसाद चौधरी और बसपा ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे दयाशंकर मिश्र को अपना उम्मीदवार बनाया है। बस्ती मंडल में भाजपा ने डुमरियागंज सीट से जगदम्बिका पाल और संतकबीर नगर में प्रवीण निषाद पर फिर से दांव लगाया है। सपा-कांग्रेस गठबंधन की तरफ से संतकबीरनगर और डुमरियागंज में प्रत्याशी की घोषणा नहीं हो सकी है। डुमरियागंज से बसपा ने ख्वाजा शमसुद्दीन को भाजपा के जगदम्बिका पाल के मुकाबले उतारा है। वहीं बसपा को संतकबीरनगर में अभी जिताऊ चेहरा नहीं मिला है।

गोरखपुर मंडल की छह लोकसभा सीटों में गोरखपुर में भाजपा ने रवि किशन, सपा ने काजल निषाद को टिकट दिया है। यहां से बसपा को टिकट की घोषणा करनी है। इसी तरह बांसगांव में सपा-कांग्रेस गठबंधन की तरफ से पूर्व मंत्री सदल प्रसाद को टिकट मिला है। भाजपा ने दो बार के सांसद कमलेश पासवान पर दांव लगाया है। बसपा का महावत कौन होगा अभी साफ नहीं है। देवरिया में सिर्फ कांग्रेस ने अखिलेश सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा के वर्तमान सांसद डॉ.रमापति राम त्रिपाठी के टिकट पर संकट दिख रहा है।

सबका दावा- बची सीटों पर जिताऊ प्रत्याशी देंगे

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय का कहना है कि गोरखपुर-बस्ती मंडल में पार्टी को देवरिया में प्रत्याशी की घोषणा करनी है। भाजपा में संगठन चुनाव लड़ता है। ऐसे में देवरिया में चुनाव को लेकर सारी गतिविधियां चल रही हैं। जल्द प्रत्याशी के नाम की घोषणा भी हो जाएगी। देवरिया में सपा जिलाध्यक्ष ब्यास यादव का कहना है कि देवरिया के वोटर तीन लोकसभा सीटों के लिए। बांसगांव और देवरिया से हमारे प्रत्याशियों की घोषणा हो गई है। सलेमपुर में जल्द मजबूत प्रत्याशी पार्टी देगी। बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चन्द्रा का कहना है कि सभी सीटों पर हमारे प्रत्याशी चिन्हित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *