जम्मू-कश्मीर के राजौरी में जवानों संग दिवाली मना सकते हैं पीएम मोदी

नई दिल्ली l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के राजौरी में गुरुवार को जवानों के साथ दिवाली मना सकते हैं। वह राजौरी जिले के नौशहरा में नियंत्रण रेखा पर जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। पीएम मोदी ऐसे समय पर यहां पहुंच रहे हैं, जब पुंछ में नार खास के जंगल में लंबे समय से चल रहे मुठभेड़ में अक्टूबर के चार दिनों में ही 2 जेसीओ सहित 9 सैनिक शहीद हो गए। पीएम मोदी के संभावित दौरे से पहले थल सेना अध्यक्ष एमएम नरवणे बुधवार को यहां पहुंच चुके हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया, ”पीएम नरेंद्र मोदी राजौरी जिले में नौशहरा ब्रिगेट में जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे।” 2019 के बाद पीएम मोदी दूसरी बार राजौरी आ रहे हैं। दो साल पहले भी उन्होंने यहां जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर सेना के एक अधिकारी ने कहा, ”हालांकि, हमें अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। सैनिकों के साथ दिवाली मनाने के पीएम मोदी के प्लान से निश्चित तौर पर जवानों का मनोबल बढ़ेगा।” 11 और 14 अक्टूबर को चामरेर और नार खास में 9 सैनिकों की शहादत के अलावा शनिवार को एलओसी पर माइन ब्लास्ट में दो सैनिक शहीद हो गए।

अक्टूबर में ही भारतीय सेना ने दक्षिण पीर पांजाल में 11 जवानों को खोया है। इस क्षेत्र में अचानक आंतकवाद बढ़ा है। अनुच्छेद 370 हटाए जाने की दूसरी वर्षगांठ के एक दिन बाद 6 अगस्त को इस इलाके में एनकाउंटर हुआ था। थानामंडी इलाके में दो आतंकवादी मारे गए थे। इसी इलाके में 19 अगस्त को भी मुठभेड़ में जेसीओ सहित 2 सैनिक शहीद हो गए थे। 13 सितंबर को एक आतंकवादी मंजाकोट इलाके में मारा गया था।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *