PM मोदी का युवाओं को गुरु मंत्र, कहा- ‘जुट जाओ और जंग जीतो’

नई दिल्ली l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कामराजर मनीमण्डपम का उद्घाटन किया, जिसे लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से पुडुचेरी सरकार ने तैयार करवाया है. इस दौरान उन्होंने देशभर के युवाओं को संबोधित किया.

राष्ट्रीय युवा दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं: PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आप सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं! भारत मां की महान संतान स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर मैं नमन करता हूं. आज़ादी के अमृत महोत्सव में उनकी जन्मजयंती और अधिक प्रेरणादायी हो गई है.’

युवाओं को संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा आज दुनिया भारत को एक आशा की दृष्टि से, एक विश्वास की दृष्टि से देखती है क्योंकि भारत का जन भी युवा है और भारत का मन भी युवा है. भारत अपने सामर्थ्य से भी युवा है, भारत अपने सपनों से भी युवा है. भारत अपने चिंतन से भी युवा है, भारत अपनी चेतना से भी युवा है. आजादी के समय जो युवा पीढ़ी थी, उसने देश के लिए अपना सब कुछ कुर्बान करने में एक पल नहीं लगाया.

युवाओं में तकनीकि का क्रेज
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज भारत के युवा में अगर टेक्नालजी का क्रेज है, तो लोकतंत्र की चेतना भी है. आज भारत के युवा में अगर श्रम का सामर्थ्य है, तो भविष्य की स्पष्टता भी है. इसीलिए भारत आज जो कहता है, दुनिया उसे आने वाले कल की आवाज़ मानती है. भारत के युवाओं के पास डेमोग्राफिक डिविडेंड के साथ साथ लोकतांत्रिक मूल्य भी हैं, उनका डेमोक्रेटिक डिविडेंड भी अतुलनीय है. भारत अपने युवाओं को डेमोग्राफिक डिविडेंड के साथ साथ डवलपमेंट ड्राइवर भी मानता है.’

पुदुचेरी से मिला अध्यात्म का मंत्र
पीएम मोदी ने कहा पूरा देश इसी साल श्री अरबिंदो की 150वीं जन्म जयंती मना रहा है. वहीं इसी साल महाकवि सुब्रमण्यम भारती जी की 100वीं पुण्य तिथि है. इन दोनों मनीषियों का पुदुचेरी से खास रिश्ता रहा है. ये दोनों एक दूसरे की साहित्यिक और आध्यात्मिक यात्रा के साझीदार रहे हैं.

डिजिटल पेमेंट के मामले में सबसे आगे हिंदुस्तानी: PM
युवाओं के नाम अपने खास संबोधन में पीएम ने कहा कि ये भारत के युवाओं की ही ताकत है कि आज भारत डिजिटल पेमेंट के मामले में दुनिया में इतना आगे निकल गया है. युवाओं में वो क्षमता होती है, वो सामर्थ्य होता है कि वो पुरानी रूढ़ियों का बोझ लेकर नहीं चलता, वो उन्हें झटकना जानता है. अब यही युवा, खुद को, समाज को, नई चुनौतियों, नई डिमांड के हिसाब से तैयार कर सकता है, नए सृजन कर रहा है.

हमारा मानना बेटा-बेटी एक समान: PM
पीएम मोदी ने कहा कि नई सोच के तहत हमारी सरकार ने बेटियों की बेहतरी के लिए शादी की उम्र को 21 साल करने का निर्णय लिया है. बेटियां भी अपना करियर बना पाएं, उन्हें ज्यादा समय मिले, इस दिशा में ये एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है.


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *