उत्तराखंड : घोड़े पर सवार SSP ने बिना मास्क घूम रहे लोगों को दी सख्त हिदायत

देहरादून l देहरादून के नए कप्तान बनाए गए जन्मेजय खंडूरी ने आते ही सुर्खियों में आने का काम कर दिया है. उनकी तरफ से पहले ही दिन ऐसी मुस्तैदी दिखाई गई कि पुलिस महकमे में भी हलचल दिखी और सभी अधिकारी भी फिर एक्टिव हो लिए. देहरादून के नए कप्तान जन्मेजय खंडूरी शुक्रवार की रात घोड़े पर सवार होकर सड़क पर निकल गए. एसएसपी जन्मेजय खंडूरी देर रात शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी देखने के लिए घोड़े पर निकले.

घोड़े पर सवार देहरादून के कप्तान

इस दौरान घंटाघर के पास उन्हें कुछ लोग बिना मास्क के घूमते मिले. ऐसे में एसए सपी ने उन्हें कान पकड़ने के लिए कहा और मास्क पहनने व बेवजह सड़क पर न घूमने की सख्त हिदायत दी. वह गश्त करते हुए मसूरी डायवर्जन तक गए. जहां ड्यूटी पर तैनात एसआई आरती कलूड़ा गाड़ियों को रोककर जांच कर रहीं थीं.

इस दौरान वह चालान भी काट रहीं थीं. कप्तान ने उन्हें शाबाशी देते हुए उनका हौसला बढ़ाया. बता दें कि देहरादून के नए एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर कैलाश खंडूरी ने चार्ज लेने के साथ ही अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं थीं. उन्होंने कहा था कि देहरादून भले ही राजधानी है, लेकिन यहां पुलिस किसी के दबाव में काम नहीं करेगी. पीड़ितों की हर वक्त सुनी जाएगी. रात के लिए भी एक अलग से अधिकारी नियुक्त किया जाएगा.

निरीक्षण के बाद क्या निर्देश?

इस सब के अलावा निरीक्षण के दौरान कप्तान द्वारा वीकेंड पर मसूरी की ओर जाने वाले वाहनों के कारण राजपुर रोड पर पड़ने वाले दबाव को कम करने के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. जानकारी ये भी मिली है कि राजपुर क्षेत्र में स्लाइडिंग बैरियर्स लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे की यातायात के दबाव के समय राजपुर रोड पर आने वाले ट्रैफिक को आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जा सके.


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *