आनंद अकेला की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
भोपाल। शिवराज सरकार के मिनी मंत्रीमंडल का गठन जल्द किया जा सकता है। संभावना है कि शनिवार शाम तक इन नामों की घोषणा कर दी जाए। शिवराज सिंह के इस मिनी मंत्रीमंडल में 12 मंत्रियों का जगह दी जाएगी। जिसमें से दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे।
प्रदेश में आवश्यक बहुमत न होने के कारण मुख्यमंत्री कमलनाथ के इस्तीफा देने के बाद 23 मार्च को बीजेपी ने सरकार बनाई। शिवराज सरकार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण के बाद कोरोना संकट के कारण मंत्रीमंडल का गठन नहीं हो सका है। महीनेभर से मंत्रालयों में मंत्रियों की नियुक्ति न होने के कारण कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विशेषकर कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई में कई मंत्रालयों के कार्य महत्वपूर्ण हैं। इन बातों को देखते हुए शिवराज सरकार के मंत्रीमंडल का गठन किया जा रहा है।
कोरोना वायरस के कारण अभी शिवराज सिंह के मिनी मंत्रीमंडल का गठन किया जा रहा है। इसमें से केवल उन्हीं मंत्रालयों के मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी जिसकी इस समय आवश्यकता है। इसके बाद प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण खत्म होने के बाद संपूर्ण मंत्रीमंडल का गठन किया जाएगा।
विश्वस्त सूत्रों की माने तो शिवराज सरकार के मंत्रीमंडल में 12 चेहरों को जगह मिलेगी। इसमें दो को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इसके साथ ही गृह मंत्री, वित्त मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, पंचायत मंत्री, शिक्षा मंत्री, महिला एवं बाल विकास, उद्योग मंत्री समेत अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालय के लिए मंत्रियों की नियुक्ति की जाएगी। शिवराज सरकार के इस मिनी मंत्रीमंडल में जिसे जगह मिलेगी उनमें प्रमुख हैं नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, अरविंद भदौरिया, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र शुक्ला, संजय पाठक, विश्वास सारंग बीजेपी कोटे से रहेंगे, जबकि सिंधिया खेमे से तुलसीराम सिलावट, प्रद्युम्मन सिंह तोमर, गोविंद सिंह राजपूत, इमरती देवी, बिसाहूलाल और हरदीप सिंह डंग प्रमुख हैं।
