देहरादून। पुलिस ने उत्तराखंड भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सुरेश राठौर की गिरफ्तारी अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामलों में हुई है। इन मामलों में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद और नेहरू कॉलोनी के साथ डालनवाला थानों में मुकदमे दर्ज हुए थे।
पूर्व विधायक पर आरोप है कि उन्होंने और उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर अनेक ऑडियो-वीडियो वायरल किए थे। इन वीडियो में उत्तराखंड भाजपा नेताओं के बारे में आपत्तिजनक और छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कंटेंट था। इन वीडियो ने उत्तराखंड की राजनीति में हड़कंप मचा दिया था। इसके बाद हरिद्वार और देहरादून के कई थानों में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए थे।
चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाने के मामले में दर्ज हुए मुकदमे में कार्रवाई करते हुए कोतवाली डालनवाला पुलिस और एसओजी ने पूर्व भाजपा विधायक को बुग्गावाला क्षेत्र से रविवार देर शाम को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस की अब उन्हे न्यायालय में पेश करने की तैयारी है।
बता दें कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने इस मामले में 5 जनवरी को कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि अंकित भंडारी के मामले में इंटरनेट मीडिया पर सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के कुछ ऑडियो वीडियो प्रसारित किया जा रहे हैं। इनमें जानबूझकर उनका और भाजपा के अन्य नेताओं का नाम लेकर बदनाम करने और साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस सुरेश राठौर की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। रविवार को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया था। देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को गिरफ्तार किया गया है। मामले में उनसे रविवार रात को पूछताछ भी गई थी। जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार किया गया है।
