नई दिल्ली l दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तिरंगे झंडे के ऊपर नमाज अदा करने के आरोप में असम (Assam) के रहने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है. दीमापुर का रहने वाला मोहम्मद तारिक अजीज 7 मई को फ्लाइट नंबर 6E24 के जरिए दुबई से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा था. जिसे अगले दिन 8 मई की फ्लाइट से असम जाना था.
सीआईएसएफ ने किया दिल्ली पुलिस के हवाले
दिल्ली एयरपोर्ट पर जब CISF के जवानों ने देखा कि मोहम्मद तारिक अजीज, नेशनल फ्लैग को जमीन पर फैला कर उस पर नमाज पढ़ रहा है. ये देखते ही वहां पर मौजूद सभी लोग अलर्ट हो गए. इसके बाद CISF ने तारिक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसे अपनी हिरासत में लेने के बाद दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया.
सीसीटीवी फुटेज की जांच हुई
दिल्ली पुलिस और CISF ने इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की. जिसमें साफ साफ दिख रहा था की मोहम्मद तारिक अजीज डी-बोर्डिंग गेट नंबर 1 से 3 के बीच में फ्लोर पर नेशनल फ्लैग को फैलाकर उस पर खड़े होकर नमाज पढ़ रहा था. दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी की जांच के बाद और CISF की शिकायत पर मोहम्मद तारिक अजीज के खिलाफ U/S 2 prevention of insult of national honour act 1971 के तहत FIR दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी को मिली जमानत
दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि आरोपी ने नमाज अदा करने के दौरान देश के झंडे का अपमान किया है. झंडे के अपमान के आरोप में मोहम्मद तारिक अजीज को गिरफ्तार करने के साथ उसके पासपोर्ट समेत अन्य ट्रैवल दस्तावेज सीज कर दिए गए. हालांकि पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक बाद में तारिक को जमानत मिल गई और उसे छोड़ दिया गया.
