नई दिल्ली. दुनिया के बड़े रेल नेटवर्कों में शुमार भारतीय रेलवे (Indian Railway) देश के लगभग हर राज्य में ट्रेनों का संचालन करती है. लंबी दूरी की रेल यात्रा करने वाले यात्री कई राज्यों से गुजरते हैं. भारत में हर राज्य का कोई न कोई रेलवे स्टेशन अपने खाने के लिए मशहूर है. आइये 10 ऐसे स्टेशन्स के बारे में जानते हैं, जो बन चुके हैं मशहूर फूड जंक्शन.
राजस्थान के अजमेर रेलवे स्टेशन पर आप एक खास जायके का स्वाद ले सकते हैं. देशभर में चटनी के साथ खाई जाने वाली कचौरी यहां दही की बनाई गर्मा-गर्म कढ़ी के साथ परोसी जाती है. अजमेर की कढ़ी कचौरी के दीवाने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी हैं.
रतलाम का पोहा
मध्यप्रदेश में ज्यादातर लोग नाश्ते में पोहा खाना पसंद करते हैं. रतलाम जंक्शन रेलवे स्टेशन भी उससे अलग नहीं है. यहाँ के दुकानदार ब्रेकफास्ट के लिए प्याज पोहा बनाते हैं. यह इतना मशहूर है कि यहां रुकने वाली हर गाड़ी के लगभग यात्री इसका स्वाद जरूर चखते हैं.
पटना स्टेशन का लिट्टी चोखा
लिट्टी चोखा बिहार का फेमस पारंपरिक फ़ूड. पटना रेलवे स्टेशन पर रुके और आपने इसका स्वाद नहीं लिया, तो फिर आपने समझो कुछ बहुत अच्छा मिस कर दिया. दूसरे राज्यों से आने वाले यात्री तो खासकर पटना के लिट्टी चोखा का स्वाद जरूर चखते हैं.
जालंधर के छोले-भटूरे
पंजाब का नाम लेते ही छोले भटूरे जबान पर आ जाते हैं. जालंधर के छोले-भटूरे पूरे देश में फेमस है. जालंधर में बहुत सारी ऐसी जगहें हैं जो बेस्ट छोले भटूरे खिलाने का दावा करती हैं. जालंधर रेलवे स्टेशन भी उनमें से एक है. अगर आप जालंधर रेलवे स्टेशन पर रुकें, तो छोले भटूरे चखने का मौका हाथ से बिल्कुल न जाने दें.
गुवाहाटी स्टेशन की लाल चाय
देश में सबसे ज्यादा चाय का उत्पादन आसाम में होता है. लाल साह या लाल चाय स्थानीय लोगों की सबसे पसंदीदा चाय है. गुवाहाटी स्टेशन पर भी यह मिलती है और यहां यह सबसे ज्यादा बिकने वाला पेय पदार्थ है. शक्कर के साथ यह चाय बिना दूध के तैयार की जाती है. इसे तब तक उबाला जाता है, जब तक की इसका रंग लाल नहीं हो जाता.
चेन्नई सेंट्रल का रवा डोसा
तमिलनाडू में कई तरह के डोसे बनते हैं. ये दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में मिलने वाले डोसों से कुछ अलग भी होते हैं. चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर घी ऑनियन रवा डोसा मिलता है. अपने स्वाद के कारण यह खूब फेमस है.
एर्नाकुलम जंक्शन की पजमपोरी
केले से बनने वाली यह डिश यकां का स्थानीय फूड है. डीप फ्राइड पजमपोरी को आप चटनी और चाय के साथ ले सकते हैं. एर्नाकुलम स्टेशन पर अगर आप रुकें तो इसका स्वाद जरूर चखें.
टाटानगर जंक्शन की फिश करी
टाटानगर जंक्शन की कैंटीन में मिलने वाली फिश करी के भी रेलयात्री दीवाने हैं. यहां मछली की करी तैयार करने के लिए ताजा मछली का इस्तेमाल किया जाता है. इसे सादे उबले हुए चावल के साथ परोसते हैं.
मथुरा के पेड़े
मथुरा के पेड़ों के बारे में कौन नहीं जानता. कई वैरायटी और अलग-अलग फ्लेवर में मिलने वाले ये पेड़े वर्षों से मथुरा के आकर्षण का केंद्र रहे हैं. मथुरा के फेमस मिठाई की दुकानदार, मथुरा स्टेशन पर रुकने वाली गाड़ियों में पेड़े बेचते हैं. अगर आपके पास स्टेशन से बाहर जाकर पेड़े लेने का समय न हो तो आप गाड़ी में ही पेड़े ले सकते हैं.
