नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 195 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। अब कांग्रेस के प्रत्याशियों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। कांग्रेस पार्टी के महासचिव जितेंद्र सिंह ने प्रत्याशियों के नाम को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सिंह ने बताया है कि कांग्रेस कब अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करेगी। जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि पार्टी चार-पांच दिनों में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के तुरंत बाद मध्य प्रदेश में लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश की कुल 29 सीटों में से 24 सीटों के लिए नामों की शनिवार को घोषणा की है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस महासचिव जितेंद्र सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जल्द ही तैयार की जाएगी। हम राज्य विधानसभा चुनाव में खड़े हुए उम्मीदवारों के अलावा ब्लॉक और जिला स्तर पर समितियों के साथ परामर्श के बाद लोकतांत्रिक तरीके से निर्णय लेते हैं। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की अगले चार-पांच दिनों में बैठक होगी। सीईसी की बैठक के तुरंत बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची घोषित की जाएगी।
