देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तीन नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी की और से जारी आदेश के अनुसार पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र लुंठी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी और दीपक लुंठी के खिलाफ यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
पार्टी के अनुसार 30 जून को पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इन नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया था, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया। कांग्रेस ने बताया कि तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया था।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों एवं घोर अनुशासनहीनता के मामले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए महेन्द्र लुंठी, भावना नगरकोटी एवं दीपक लुंठी को तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से… pic.twitter.com/kCVt1I9Cth
— Uttarakhand Congress (@INCUttarakhand) July 5, 2026
साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी पिथौरागढ़ से विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की गई। रिपोर्ट और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।