डिप्टी कलेक्टर से लेकर सहायक नगर आयुक्त तक 190 पदों पर चयन
हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ( यूकेपीएससी) ने संयुक्त राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार तथा शारीरिक मानक एवं चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर विभिन्न प्रशासनिक और विभागीय पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया है। आयोग की ओर से जारी चयन सूची में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), जिला कमांडेंट होमगार्ड्स, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, वित्त अधिकारी, राज्य कर अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त सहित कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
डिप्टी कलेक्टर पद पर नौ अभ्यर्थियों का चयन
डिप्टी कलेक्टर पद के लिए कुल नौ अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विराल शर्मा, उज्ज्वल दलाकोटी और काजल सैनी शामिल हैं।
डीएसपी पद के लिए 10 अभ्यर्थी सफल
गृह विभाग में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए 10 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। इनमें अदिति पुनैठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा और सक्षम सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं।
शिक्षा, वित्त और कर विभाग में सर्वाधिक चयन
विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ ऑफिसर और विधि अधिकारी पदों पर सबसे अधिक 58 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं वित्त विभाग में वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी पदों पर 14 तथा सहायक आयुक्त राज्य कर पदों पर 16 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। राज्य कर अधिकारी पद पर 53 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
सहायक नगर आयुक्त पद पर सात अभ्यर्थी चयनित
शहरी विकास विभाग में सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी (श्रेणी-1) पद के लिए सात अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें अंकुर पंत, गौरव रावत, प्रशांत पांडेय, अंजलि चंद, सुनाक्षी रावत, ललित कुमार और सुनील सिंह महार शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंक तथा विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ 3 जून 2026 को आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
न्यायालय में लंबित याचिकाओं के अधीन रहेगा परिणाम
आयोग ने यह भी कहा है कि चयन परिणाम उत्तराखंड उच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। कुछ अभ्यर्थियों के परिणाम सीलबंद लिफाफे में सुरक्षित रखे गए हैं।
पीसीएस-2024 परीक्षा एक नजर में
मुख्य परीक्षा का परिणाम दिसंबर 2025 में घोषित किया गया था।
17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक साक्षात्कार आयोजित हुए।
डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी, वित्त अधिकारी, राज्य कर अधिकारी समेत विभिन्न पदों पर चयन।
3 जून को आयोग जारी करेगा अंक और कटऑफ।
परिणाम उच्च न्यायालय में लंबित याचिकाओं के अधीन रहेगा।
