नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के एक मॉल का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. यह वीडियो नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल के एक बीयर बार का है. इस वीडियो में शराब के नशे में तेज म्यूजिक के साथ कई लड़के-लड़कियां डांस कर रहे हैं. पीछे बड़ी सी टीवी में रामानंद सागर के रामायण के दृश्य चल रहे हैं. जिसमें भगवान राम और रावण के बीच संवाद हो रहा है. बीयर बार में रामायण दिखाए जाने से विवाद गर्मा गया है.
गौतम बुद्ध नगर के हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष चेनपाल प्रधान ने इस वीडियो पर आपत्ति जताते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में चेनपाल ने कहा कि गार्डन गैलरिया मॉल में हमारे पवित्र हिंदू देवताओं का अपमान किया गया है. मॉल के अंदर बीयर पार्टी के दौरान भगवान राम का चित्रण चलाया गया है.
हिंदू धर्म को किया जा रहा बदनाम
उन्होंने कहा कि जहां बार में शराब का अड्डा होता है. अय्याशी का अड्डा होता है. वहां हिंदू देवी देवताओं का अपमान करना इन लोगों को षडयंत्र है. यह एक सोची समझी साजिश के तहत हिंदू धर्म को बदनाम करना चाहते हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि विवादित वीडियो को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के लोग नोएडा के पुलिस कमिश्नर से मिलेंगे. इस पूरे मामले पर कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे.
गैलेरिया मॉल के लॉर्ड ऑफ ड्रिक का है वीडियो
इस मामले पर नोएडा के एडिशनल डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि सुबह से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. जो कि वीडियो नोएडा के गार्डन गैलरिया मॉल के लॉर्ड ऑफ ड्रिंक बार का बताया जा रहा है. इस वीडियो में रामायण सीरियल के पात्रों को दिखाया गया है. साथ ही बार के अंदर बैकग्राउंड में गाना बज रहा है.
इस मामले में एक गिरफ्तार
साथ ही उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए थाना-39 में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. धारा 153 ए और 295 ए के तहत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इसमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है.
