2025 तक उत्तराखंड को नशामुक्त राज्य बनाएंगे, सीएम धामी ने बताया प्लान

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को 2025 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के साथ ही नशा मुक्त किया जाएगा। इस दिशा में हमारे प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने कहा कि नशा हमारे युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है। युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए उनको नशे से दूर रखना समाज के हित में है।

मुख्यमंत्री धामी ने आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ की ओर से मसूरी रोड स्थित फेयरफील्ड बाय मैरिएट में आयोजित ‘हिन्दुस्तान उत्तराखंड श्री सम्मान’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। सीएम धामी ने कहा कि सरकार ड्रग्स फ्री उत्तराखंड का संकल्प लेकर चल रही है, इसमें सबका सहयोग जरूरी है। इसमें सभी का योगदान चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है। उत्तराखंड धर्म आध्यात्म एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाला प्रदेश है। इसके मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। देश में अच्छा कार्य व्यवहार, अच्छी कार्य संस्कृति, सुशासन, सेवा, संकल्प और गुड गवर्नेंस का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान की प्रेरणा देकर समाज में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का कार्य किया है।

पिछले नौ वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की

धामी ने कहा कि आजादी के बाद के वर्षों की तुलना में पिछले नौ वर्षों के दौरान विकास के सभी मापदंडों के आधार पर हम कह सकते हैं, हमारे देश ने हर क्षेत्र में जबरदस्त प्रगति की है। कार्यक्रम में सीएम धामी और उनकी पत्नी गीता धामी ने चर्चित 41 हस्तियों को सम्मानित किया।

तकनीकी युग में संस्कारों का होना भी जरूरी

युवाओं के नाम संदेश देते हुए सीएम ने कहा कि हमें अपने बच्चों को अधिक से अधिक समय देना चाहिए। बच्चे बचपन में जो सीख पाएंगे वो पूरे जीवन में उनका काम आएगा। तकनीकी युग में संस्कारों का होना भी बेहद जरूरी है, भारत तभी विश्व गुरु बनेगा। इसलिए युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *