नई दिल्ली: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज यूपी में एंटर कर गई है और वाराणसी (Varanasi) में पहुंच गई है. राहुल गांधी ने काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और इसके बाद यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय (Ajay Rai) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें अजय राय ने राहुल की वाराणसी यात्रा के बारे में बताया. बातचीत के दौरान वह रायबरेली सीट पर भी आ गए और इशारों ही इशारों में समझा दिया कि रायबरेली सीट गांधी परिवार अभी छोड़ने वाला नहीं है.
रायबरेली से कौन लड़ेगा चुनाव?
यूपी कांग्रेस के चीफ अजय राय ने कहा कि रायबरेली सीट गांधी परिवार की ट्रेडिशनल सीट है. उस सीट से गांधी परिवार को खासा लगाव है. रायबरेली से उस परिवार के दादा, मां और पोता तीनों चुनाव लड़ चुके हैं. आगे भी यह सीट गांधी परिवार के पास ही रहेगी. गांधी परिवार रायबरेली सीट को छोड़ने नहीं जा रहा है.
क्या प्रियंका लड़ेंगी रायबरेली से चुनाव?
गौरतलब है कि अजय राय के बयान के बाद सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि रायबरेली से कांग्रेस प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ा सकती है. ऐसा इसलिए माना जा रहा है क्योंकि राहुल गांधी के अमेठी के बगल वाली सीट रायबरेली से उतरना मुश्किल है. हालांकि, अमेठी के लिए भी उनको लेकर कोई ऐलान नहीं हुआ है. लेकिन प्रियंका गांधी अगर पहली बार चुनाव लड़ती हैं तो उनके सोनिया की विरासत वाली सीट सेफ मानी जा रही है.
जान लें कि कांग्रेस को उम्मीद है कि प्रियंका अगर यूपी की किसी सीट से चुनाव लड़ती हैं तो युवाओं को अपने प्रभाव में ले सकती हैं. इससे आसपास की और सीटों पर भी असर पड़ सकता है. प्रियंका गांधी यूपी में महासचिव के पद पर रहते हुए काफी काम भी कर चुकी हैं. हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने यूपी दौरे कम कर दिए थे. हालांकि, अब माना जा रहा है कि उनको लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया जा सकता है.
