12वीं पास नटवरलाल ने बैंक को लगाया 2 करोड़ का चूना, इस तरह दिया ठगी को अंजाम

नई दिल्ली : प्रॉपर्टी के बदले दो करोड़ रुपये का लोन लेकर फरार होने वाले दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने गिरफ्तार किया है। ये प्रॉपर्टी पहले से ही एक बैंक के पास बंधक थी। आरोपियों ने जालसाजी कर दूसरे बैंक के पास इसी प्रॉपर्टी के जरिए दो करोड़ रुपये का लोन ले लिया था। आरोपियों की पहचान पीतमपुरा के अमरजीत सिंह (38) और आईपी एक्सटेंशन ओमप्रकाश सिंह (39) के तौर पर हुई है। आरोपी अमरजीत को इस केस में भगोड़ा करार दिया गया था।

5 साल पहले दो करोड़ का दिया था लोन
जॉइंट सीपी छाया शर्मा के मुताबिक, एक हाउसिंग फाइनैंस लिमिटेड ने शिकायत दी थी कि ओम प्रकाश सिंह ने जंगपुरा एक्सटेंशन स्थित 200 गज की प्रॉपर्टी खरीदने के लिए 6 नवंबर 2017 को लोन के लिए आवेदन किया था। यह अमरजीत सिंह की बताई गई थी। कंपनी की तरफ से 22 दिसंबर 2017 को दो करोड़ का लोन दिया गया। कुछ समय तक लोन की किस्त चुकाई गईं, लेकिन फिर बंद कर दी। फाइनैंस कंपनी के लोग प्रॉपर्टी पर पहुंचे तो वहां पर गार्ड मिला, जो पंजाब नैशनल बैंक ने रखा था। पता चला कि यह प्रॉपर्टी उस बैंक के पास बंधक है। ईओडब्ल्यू ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

बीटेक, एमबीए पास है एक आरोपी
तफ्तीश में पता चला कि पंजाब नैशनल बैंक से भी आरोपियों ने दो करोड़ रुपये का लोन लिया था। लोन नहीं चुकाने पर उसने प्रॉपर्टी अटैच कर ली। कंपनी की तरफ से भेजी गई 1.54 करोड़ रकम अमरजीत तो 46 लाख ओमप्रकाश के खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने अमरजीत सिंह को पीतमपुरा से गिरफ्तार किया। इसकी निशानदेही पर ओमप्रकाश भी अरेस्ट कर लिया। अमरजीत सिंह 12वीं तक पढ़ा है। कारोबार में घाटा होने पर वह अजय शर्मा के संपर्क में आया, जो फर्जी लोन देता था। आरोपी ओमप्रकाश बीटेक और एमबीए है। नोएडा में कंपनी खोली थी। पैसे की जरूरत थी तो अमरजीत के साथ फर्जीवाड़ा करने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *