लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता बेहद जरूरी : पन्त

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड ने परेड ग्राउन्ड स्धित उज्जवल फूडस मे आज एक गोष्ठी का आयोजन  किया।  इस अवसर पर यूनियन  के प्रदेश अध्यक्ष उमा शंकर प्रवीण मेहता ने कहा कि आज पत्रकारिता केवल खबर जुटाने और प्रकाशित करने का काम नहीं रह गई है। पत्रकारों को कई मोर्चों पर संघर्ष करना पड़ रहा है।

उन्होने कहा कि छोटे और क्षेत्रीय समाचार पत्रों, डिजिटल पोर्टलों तथा स्थानीय पत्रकारों के सामने संसाधनों की कमी, सीमित वेतन, विज्ञापन पर निर्भरता और रोजगार की अनिश्चितता जैसी समस्याएं हैं। कई पत्रकार बिना पर्याप्त पारिश्रमिक और सुरक्षा के काम करने को मजबूर हैं। ऐसे में उनसे निर्भीक और स्वतंत्र पत्रकारिता की अपेक्षा करना, लेकिन उनके आर्थिक और सामाजिक संरक्षण की अनदेखी करना एक बड़ी विडंबना है।

जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश महामन्त्री  गिरीश पंत ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह देश में एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार प्रेस के अस्तित्व और उसकी महत्वपूर्ण भूमिका का प्रतीक है। पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को उनके कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन है। उन्होने कहा कि लोकतंत्र की रोशनी को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि प्रेस बिना किसी डर, लालच या बाहरी दबाव के अपना काम करे और सत्य को जनता के सामने लाए।

उन्होने कहा कि डिजिटल युग में ‘फेक न्यूज़’ पेड न्यूज़ और सोशल मीडिया के दबाव के बीच सच्ची, निष्पक्ष और तथ्यात्मक पत्रकारिता करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। पन्त ने कहा कि पत्रकारिता का धर्म किसी राजनीतिक दल, सरकार, संगठन या व्यक्ति के प्रति निष्ठा नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के प्रति जवाबदेही है।

उन्होने कहा आज जरूरत इस बात की है कि पत्रकार अपनी मूल आत्मा को पहचाने। पत्रकार सत्ता से सवाल पूछने का साहस रखे, लेकिन तथ्यों और मर्यादा के साथ। वह विपक्ष की बात भी सुने और सरकार का पक्ष भी सामने रखे, लेकिन किसी का पक्षकार न बने। यूनियन के पूर्व जिला अध्यक्ष मौहम्मद शाहनज़र ने कहा कि रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के वर्ष 2026 के विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत 180 देशों में 157वें स्थान पर रहा। वर्ष 2025 में भारत 151वें स्थान पर था। यानि एक साल में भारत की रैंकिंग छह पायदान नीचे खिसकी है।

वहीं, भारतीय प्रेस परिषद की वर्ष 2025 की वार्षिक रिपोर्ट में दर्ज आंकड़े भी महत्वपूर्ण हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में परिषद को कुल 1,300 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 181 शिकायतें सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध प्रेस की स्वतंत्रता के कथित उल्लंघन से संबंधित थीं, जबकि 1,119 शिकायतें पत्रकारिता की नैतिकता के उल्लंघन को लेकर मीडिया संस्थानों और पत्रकारों के खिलाफ थीं।

इन आंकड़ों का एक पहलू यह बताता है कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता को लेकर शिकायतें मौजूद हैं, वहीं दूसरा पहलू यह भी दर्शाता है कि मीडिया की अपनी विश्वसनीयता और नैतिक जिम्मेदारी भी सवालों के घेरे में है।

वहीं, अन्य वक्ताओं ने पौड़ी के पत्रकार आशुतोष नेगी की मार्च 2024 में गिरफ्तारी, उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में फरवरी 2024 में हुई हिंसा और कार्रवाई के दौरान पत्रकारों को भी निशाना बनाए जाने की घटनाओं, उत्तरकाशी के पत्रकार राजीव प्रताप की मौत, सुनील नवप्रभात, हेम भट्ट पर हमला, अफरोज खान, समर अब्बास की सोशल मीडिया पोस्ट डीलीट करने का मामला भी उठाया गया।

वहीं हैदराबाद मे गत माह आयोजित राष्ट्रीय महिला पत्रकार सम्मेलन से लौटी यूनियन की पदाधिकारी ललिता बलूनी,ज्योति भट्ट ध्यानी,व रक्षा शर्मा ने अपने अनुभव साझा किये। यूनियन के जिलाध्यक्ष मूलचंद शीर्षवाल ने कहा कि एक स्वतंत्र प्रेस समाज मे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करती है जिससे लोकतंत्र मजबूती से काम करता है। उन्होने कहा की पत्रकारों को तथ्यों व सत्यता की जांच कर ही अपने समाचार पत्रों में स्थान देना चाहिए।

सरकार के दबाव में किसी भी पत्रकार को कोई कार्य नहीं करना चाहिए व भ्रामक खबरों से बचना चाहिए। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार द्विजेन्द्र दत्त बहुगुणा ने अपने पत्रकारिता जीवन के संस्मरण साझा किये।

गोष्ठी में जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश  अध्यक्ष  उमाशंकर प्रवीण मेहता, यूनियन के प्रदेश महामन्त्री  गिरीश पंत,प्रदेश कोषाध्यक्ष ललिता बलूनी,पूर्व जिलाध्यक्ष  मोहम्मद शाहनजर, जिलाअध्यक्ष मूलचंद शीर्षवाल, जिला महामन्त्री ज्योति भट्ट ध्यानी, अधीर मुखर्जी, दीपक गुप्ता, नवीन बधानी,  रक्षा शर्मा, अनुराधा दौढ़ियाल, वीरेंद्र दत्त गैरोला, समीना, राजेंद्र वर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष), किशन सिंह गुंसाई, सुरेंद्र कोठियाल, रजनीश सैनी, शोभाराम, आरिफ खान, एस पी उनियाल, दीपिका आनंद, राजीव आनंद, कवॅर सिंह सिंद्दू, वीरेश रोहिला, विजया लक्ष्मी तिवारी, मोहम्मद खालिद, अफरोज खान आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *