योगी को जिताने शाह ने खेला सर्जिकल स्ट्राइक कार्ड, बोले- दुनिया में बढ़ाया भारत का मान

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र सरकार ने उरी और पुलवामा की घटनाओं के बाद सर्जिकल स्ट्राइक की। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर मारा।” उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी ने दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार में झोंक दी है। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहारनपुर पहुंचे। यहां उन्‍होंने वहां शाकुंभरी देवी विश्‍वविद्यालय का शिलान्‍यास किया। इस मौके पर लोगों को सम्‍बोधित करते हुए अमित शाह ने एक बार फिर पाकिस्तान पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर मारा।

इस दौरान उन्‍होंने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि वे यूपी की कानून व्‍यवस्‍था पर सवाल उठा रहे हैं। पता नहीं किस चश्‍मे से देखते हैं। घर जाकर जरा आंकड़े खंगाल लें। उनके राज में प्रदेश में माफिया राज था। आज कानून का राज है। अपराधों में 70 प्रतिशत की कमी आई है।

अमित शाह ने कहा कि पिछले चुनाव में हमने पलायन खत्‍म करने का वादा किया था। योगी आदित्‍यनाथ की सरकार ने न सिर्फ वो वादा पूरा किया है बल्कि विकास को भी रफ्तार दी है। उन्‍होंने कहा कि दिल्‍ली से सड़क की दूरी ही नहीं दिलों की दूरी भी कम हुई है। उन्‍होंने कहा कि योगी सरकार से पहले यूपी में कानून व्‍यवस्‍था लचर थी। आज महिलाएं सुरक्षित महसूस कर रही है। यूपी में एक जमाना था जब माफियाओं की तूती बोलती थी आज वही माफिया पुलिस के सामने आत्‍मसर्मपण कर रहे हैं।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *