पंजाब कांग्रेस को झटका, पार्टी के 4 बड़े नेता बीजेपी में हुए शामिल

चंडीगढ़. पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए इसके चार वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शनिवार को यहां भाजपा में शामिल हो गए. भाजपा में शामिल हुए इन नेताओं में राजकुमार वेरका, बलबीर सिंह सिद्धू, सुंदर शाम अरोड़ा और गुरप्रीत सिंह कांगड़ शामिल हैं. बरनाला से कांग्रेस के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला तथा मोहिंदर कौर जोश ने भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया.

वे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और सोमप्रकाश, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख अश्विनी शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं-दुष्यंत गौतम, तरुण चुग, सुनील जाखड़ और मनजिंदर सिंह सिरसा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए. मोहाली से तीन बार विधायक रहे बलबीर सिद्धू पिछली कांग्रेस सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे, जबकि रामपुरा फूल से तीन बार विधायक रहे गुरप्रीत कांगड़ राजस्व मंत्री थे.

बलबीर सिद्धू ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा में शामिल होने के बाद सिद्धू ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “मैं 30-32 साल की उम्र से कांग्रेस में हूं. अब मैं 60 साल का हो गया हूं, पार्टी के लिए अपने खून-पसीने से काम किया, लेकिन कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं की पहचान नहीं करती है. मोदी जी और अमित शाह जी जिस तरह से काम करते हैं, उसका श्रेय अपने कार्यकर्ताओं को देते हैं.”

मोहाली के महापौर अमरजीत सिंह सिद्धू भी भाजपा में शामिल
वेरका, माझा क्षेत्र के प्रमुख दलित नेता हैं और तीन बार विधायक भी रहे हैं. वह पिछली सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री थे. होशियारपुर के पूर्व विधायक सुंदर शाम अरोड़ा पिछली कांग्रेस सरकार में उद्योग और वाणिज्य मंत्री थे. बलबीर सिद्धू के भाई एवं मोहाली के महापौर अमरजीत सिंह सिद्धू भी भाजपा में शामिल हो गए. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने और हरियाणा के पंचकूला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का उद्घाटन करने चंडीगढ़ पहुंचे.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *