पीएम किसान की राशि बढ़ेगी कि नहीं कृषि मंत्री ने कर दिया साफ

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे किसानों को झटका लगा है. केंद्र सरकार ने मंगलवार को संसद भवन में जवाब देते हुए स्पष्ट कर दिया कि वर्तमान में पीएम किसान निधि की मौजूदा राशि को बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है.

दरअसल, केंद्र सरकार ने पीएम किसान योजना को फरवरी 2019 में लॉन्च किया था. लेकिन दिसंबर 2018 में ही इसे लागू कर दिया गया था. इस योजना के तहत, पात्र किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में प्रति वर्ष 6,000 रुपये का वित्तीय लाभ प्रदान किया जाता है. एनडी टीवी के मुताबिक, यह राशि सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने लोकसभा में अपने लिखित जवाब में कहा कि फिलहाल पीएम किसान की मौजूदा राशि को बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है.

बता दें कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एक केंद्रीय क्षेत्र की योजना है, जिसमें केंद्र सरकार से 100 प्रतिशत वित्त पोषण होता है. राज्य सरकार और केंद्रशासित प्रदेश के प्रशासन उन किसान परिवारों की पहचान करता है जो योजना के दिशानिर्देशों के अनुसार सहायता के पात्र हैं.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 17 अक्टूबर को पीएम किसान की 12वीं किस्त जारी की थी. तब केंद्र सरकार ने 16 हजार करोड़ रुपये खर्च किए थे. वहीं,. 8 करोड़ किसानों ने 12वीं किस्त का लाभ उठाया था. अब किसान 13वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. उम्मीद है कि सरकार इस महीने के अंत तक 13वीं किस्त जारी कर सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *