फर्जी इंस्टाग्राम आइडी से 22 लाख रुपये ठगे, डिलीवरी ब्वाय गिरफ्तार

इंदौर। राज्य साइबर सेल ने ऐसे ठग को पकड़ा है जो फर्जी इंस्टाग्राम आइडी के माध्यम से ट्रेडिंग का झांसा देकर निवेशकों को ठग रहा था। आरोपित ने अलग-अलग नामों से फर्जी आइडी बना ली थी। गिरोह में कई लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपित डिलीवरी ब्वाय बताया जा रहा है।प्रारंभिक पूछताछ में 22 लाख चार हजार रुपये की ठगी स्वीकारी है।

एसपी (साइबर) जितेंद्र सिंह के मुताबिक, अरविंद पुत्र गणेशराव जोशी ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। अरविंद ने पुलिस को बताया कि आरोपितों से इंस्टाग्राम पर संपर्क हुआ था।आइडी पर कई लोग फालोअर्स थे और खूब कमेंट्स कर रहे थे। उसने विश्वास कर आरोपित के बताए अनुसार निवेश कर दिया और खातों में 22 लाख चार हजार रुपये जमा करवा दिए। उसने आनलाइन गेमिंग एप ड्रीम-11 पर भी रुपये कमाने का लालच दिया। रुपये लेने के बाद आरोपित ने फोन बंद कर लिया।

कमीशन काटकर बाकी रुपये खुद रख लेता था

साइबर सेल निरीक्षक अंजू पटेल ने जांच की और आरोपित विवेक पुत्र अरविंद कुमार शुक्ला निवासी स्वर्णकार नगर निवारु रोड़ झोटवाड़ा जयपुर को गिरफ्तार कर लिया। एसपी के मुताबिक, आरोपित ई-कामर्स कंपनी में डिलीवरी ब्वाय की नौकरी करता है। उसने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर कोटक महिंद्रा बैंक में खाता खुलवाया था। गिरोह के मुखिया के निर्देश पर वह कमीशन काटकर शेष रुपये स्वयं रख लेता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपित से फोन और सिम बरामद कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *