रोहित शर्मा का ये धांसू रिकॉर्ड… एक दिन में खेलीं 3 पारियां और हर बार रहे टॉप स्कोरर

बेंगलुरु: , IND vs AFG Match: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार (17 जनवरी) को दमदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान के खिलाफ भारत को शानदार जीत दिलाई. उन्होंने एक ही दिन में तीन बार बल्लेबाजी की और हर बार वो ही टॉप स्कोरर भी रहे. रोहित ने हर बार धांसू बल्लेबाजी की.

दरअसल, भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला बेंगलुरु में खेला गया. यह मुकाबला फैन्स की उम्मीदों से कहीं ज्यादा रोमांचक निकला. मैच में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 212 रन बनाए.

इस दौरान रोहित ने 69 गेंदों पर नाबाद 121 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 11 चौके लगाए. इस शतक के साथ ही एक बार फिर रोहित ने इतिहास रच दिया. वो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 5 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. मगर मामला यहीं नहीं रुका. इसके बाद अफगानिस्तान टीम ने भी 6 विकेट पर 212 रन बनाकर मैच टाई करा दिया.

इसके बाद सुपर ओवर हुआ, जिसमें भारतीय टीम को 17 रनों का टारगेट मिला. ऐसे में रोहित एक बार फिर बैटिंग के लिए उतरे. उनका साथ यशस्वी जायसवाल ने दिया. रोहित ने इस सुपर ओवर में 4 गेंदों पर 2 छक्के लगाकर कुल 14 रन बनाए. जबकि यशस्वी 2 रन ही बना सके. मगर भारतीय टीम भी 16 रन ही बना सकी और पहला सुपर ओवर भी टाई हो गया.

अफगान के लिए अजमतुल्लाह उमरजई ने किया पहला सुपर ओवर (16 रन बने)

  • पहली बॉल: रोहित ने लेग बाय का एक रन बनाया
  • दूसरी बॉल: यशस्वी ने एक रन बनाया
  • तीसरी बॉल: रोहित ने छक्का जमाया
  • चौथी बॉल: रोहित ने छक्का जड़ा
  • पांचवीं बॉल: रोहित ने एक रन बनाया
  • छठी बॉल: यशस्वी ने एक रन बनाया

दोनों सुपर ओवर में रोहित ने बनाए सबसे ज्यादा रन

फिर नतीजा निकालने के लिए दूसरा सुपर ओवर कराया गया. इस बार भारतीय टीम ने पहले बैटिंग की और कुल 5 गेंदों पर 11 रन बनाए. इस दौरान एक बार फिर रोहित ने बल्लेबाजी की और 4 गेंदों में एक छक्का और एक चौका लगाते हुए कुल 11 रन बनाए. दूसरा बल्लेबाज कोई रन नहीं बना सका. इस तरह 12 रनों के टारगेट के जवाब में अफगानिस्तान टीम 3 गेंदों पर 2 विकेट गंवाकर एक रन ही बना सकी. यह ओवर रवि बिश्नोई ने किया.

इस तरह रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक दिन में तीन बार बल्लेबाजी की और हर बार टॉप स्कोरर रहे. यह भी अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड ही है. साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में भी ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी मैच में डबल सुपर ओवर हुआ हो. वैसे टेस्ट में सुपर ओवर का कोई नियम नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *