BJP सरकार में सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 396 RAS के हुए तबादले

जयपुर: राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अधिकारियों के तबादले का क्रम तेजी के साथ जारी है। भजनलाल सरकार ने लंबे समय से एक स्थान पर तैनात अधिकारियों के ट्रांसफर का काम जारी कर दिया है। इसी प्रकार गुरुवार को अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकार ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 396 अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। एक साथ इतने अधिकारियों के तबादले के सूचना कई विभागों में खलबली मची है।

नवगठित भाजपा सरकार में राज्य के प्रशासनिक ढांचे में यह अपनी तरह का अब तक का पहला सबसे बड़ा बदलाव है। राज्य के कार्मिक विभाग ने बृहस्पतिवार रात इस बारे में आदेश जारी किया। इसके अलावा भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक एवं भारतीय वन सेवा के पांच अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं। वहीं दिन में अन्य विभागों में तबादलों की लंबी लंबी सूचियां भी जारी हुईं।

जानें किसे कहां भेजा गया

खासकर, अशोक गहलोत सरकार में लंबे समय तक एक जगह तैनात रहे अधिकारियों पर भजनलाल सरकार की नजर टेढ़ी है। एनडीटीवी में छपी खबर के हवाले से गहलोत सरकार में सीएमओ में तैनात आरएएस अधिकारी शाहीन अली खान को अतिरिक्त निदेशक, एचसीएम रीपा, आरएएस अजय असवाल को अतिरिक्त आयुक्त कॉलेज शिक्षा और आरएएस गौरव बजाड़ को हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार के पद पर तैनाती दी गई है। साथ ही कुछ दिन पहले सीएमओ में विशेषाधिकारी बनाए गए आरएएस अधिकारी रामरतन सौंकरिया को हटा दिया गया है।

दीया कुमारी के विशिष्ट सहायक बदले

वहीं, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के विशिष्ट सहायक को भी बदल दिया गया है। पहले आरएएस अधिकारी जगवीर सिंह को दीया कुमारी का विशिष्ट सहायक नियुक्त किया गया था। लेकिन, अब उनकी जगह पर आरएएस ललित कुमार को विशिष्ट सहायक के तौर पर नियुक्त किया गया है। आरएएस ललित कुमार हमेशा से प्राइम पोस्टिंग पर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *