विपक्ष के वो बयानवीर नेता, जिन्होनें राम को बताया मांसाहारी तो किसी ने मंदिर को शो पीस

नई दिल्ली। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद विपक्ष के नेता भगवान राम पर विवादित बयान दे रहे हैं. DMK के सांसद ए राजा और तृमणूल कांग्रेस के विधायक रामेंदु रॉय इस लिस्ट में नया नाम हैं. ए राजा ने कहा कि वो राम के शत्रु हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें ना तो भगवान राम पर विश्वास है और ना ही रामायण पर. उनसे दो कदम आगे निकलकर रामेंदु रॉय ने राम मंदिर को अपवित्र बता दिया. रामेंदु रॉय ने लोगों से राम मंदिर में पूजा ना करने की अपील तक कर डाली. राम मंदिर में पूजा करने नहीं जाना. यह एक शो पीस बन गया है.

हालांकि रामेंदु राय ने बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने किसी की भी भावना पर हमला नहीं किया. उन्होंने कहा, ‘उनके पूरे भाषण को 17 सेकंड के लिए काटकर शेयर किया गया. भ्रम पैदा कर अराजकता पैदा करने की कोशिश की जा रही है. इसे लेकर बीजेपी राजनीति कर रही है. बंगाल वासियों से निवेदन है कि भ्रमित न हों.’

राम मंदिर पर तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का भी बयान सामने आया. उन्होंने अयोध्या में रामभक्तों की भीड़ कम होने की बात कही. शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि राम मंदिर को लेकर इतना प्रचार किया गया, लेकिन इसके बावजूद यहां पर 5 से 10 हजार लोग पहुंच रहे हैं.

इससे पहले एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने भगवान राम को मांसाहारी बताया था. हालांकि विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने माफी मांग ली थी. जितेंद्र आव्हाड ने कहा था कि राम हमारे हैं, बहुजनों के हैं. भगवान राम शिकार करके खाते थे. हम भी श्री राम के आदर्शों पर चल रहे हैं. राम को आदर्श बताकर लोगों पर शाकाहारी खाना थोपा जा रहा है.

ये नेता भी दे चुके हैं विवादित बयान
कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस के नेता केएन रंजन्ना भी राम मंदिर पर विवादित बयान दे चुके हैं. उन्होंने कहा था कि बीजेपी लोगों को धोखा दे रही है. जब बाबरी मस्जिद ढहाई गई तो मैं वहां गया था, उन्होंने एक तंबू में दो गुड़िया रखीं और उन्हें भगवान राम कहा.

मंत्री ने आगे कहा कि जब हम राम मंदिर जाते हैं तो एक अलग अहसास होता है जिसे कोई भी महसूस कर सकता है. अयोध्या में मुझे कुछ भी महसूस नहीं हुआ. बयानवीर नेताओं की लिस्ट में राष्ट्रीय जनता दल के नेता जगदानंद सिंह का भी नाम है. उन्होंने कहा कि राम मंदिर नफरत की जमीन पर बनाया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *