प्रियंका के लिए संसद का ‘रास्ता’ बनाएंगे भाई राहुल

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली सीट से उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया. इस तरह पिछले कई हफ्तों से दोनों सीटों को लेकर अलग-अलग तरह के जो कयास लगाए जा रहे थे, वो खत्म हो गए हैं. रायबरेली से राहुल गांधी चुनावी मैदान में नजर आएंगे, जबकि अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को टिकट मिला है. इसी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा के भी चुनावी मैदान में उतरने की अफवाहों को भी विराम लग गया है.

दरअसल, राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा हो रही थी कि अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी मैदान में नजर आ सकते हैं. हालांकि, शुक्रवार (3 मई) सुबह जब कांग्रेस की लिस्ट में प्रियंका का नाम नहीं दिखा तो इस बात की पुष्टि हो गई कि वह अभी चुनावी रण में नजर नहीं आने वाली हैं. अब ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रियंका गांधी का राजनीतिक भविष्य क्या होने वाला है. क्या वह आगे चुनावी मैदान में नजर आएंगी. आइए ऐसे ही सवालों के जवाब जानते हैं.

प्रियंका गांधी का क्या होगा?

माना जा रहा था कि इस लोकसभा चुनाव से प्रियंका गांधी अपनी चुनावी पारी शुरू कर सकती हैं, लेकिन उन्होंने फिलहाल चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है. प्रियंका देश भर में कांग्रेस के प्रचार अभियान में केंद्रीय भूमिका निभा रही हैं. राहुल गांधी के साथ उनके भी चुनाव लड़ने से कांग्रेस के दोनों स्टार प्रचारक अमेठी, रायबरेली में उलझ जाते, इसीलिए रणनीति ये बनी कि केएल शर्मा (किशोरी लाल शर्मा) की मदद के लिए प्रियंका अमेठी में जमी रहेंगी और साथ ही देश भर में प्रचार भी करेंगी.

हालांकि, सोनिया गांधी चाहती थीं कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों चुनाव लड़ें. सोनिया ने इसको लेकर दोनों से बात भी की, लेकिन फिर अंत में तय हुआ कि केवल राहुल गांधी रायबरेली से लड़ेंगे. वहीं, राहुल अगर केरल के वायनाड और रायबरेली दोनों से जीते जाते हैं, तो जो सीट वो छोड़ेंगे वहां से प्रियंका गांधी लड़ सकती हैं. केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर लोकसभा चुनाव के दूसरे फेज में ही वोटिंग हो चुकी है. कांग्रेस को भरोसा है कि वह अपने गढ़ रायबरेली और अमेठी में फिर से चुनाव जीत सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *