प्रशांत किशोर से जानें, इस बार कितनी सीटें जीत रही भाजपा

नई दिल्ली : देश में जारी लोकसभा चुनाव के बीच कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि कौन जीतेगा या किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी। इस बीच राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को कुछ ऐसा दावा किया जो केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को खुश कर सकती है। प्रशांत किशोर ने कहा कि केंद्र की राजनीति में हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रही भाजपा सरकार को लेकर न तो कोई खास असंतोष है और न ही किसी दूसरे विकल्प की कोई मांग हो रही है।

एक इंटरव्यू में, जन सुराज पार्टी प्रमुख ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को एक और जीत दिला सकते हैं। उन्होंने अनुमान लगाते हुए कहा कि भगवा पार्टी की सीटों की संख्या 2019 की 303 सीटों के करीब या उससे भी अधिक हो सकती है।

उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा वापसी कर रही है। उन्हें पिछले चुनाव के बराबर सीटें मिल सकती हैं या फिर उनका प्रदर्शन पहले से थोड़ा बेहतर हो सकता है।” पीके ने कहा कि भले ही लोगों में बीजेपी सरकार के खिलाफ निराशा हो सकती है या नाराजगी हो सकती है, लेकिन व्यापक स्तर पर मोदी सराकर को हटाने को लेकर गुस्सा देखने को नहीं मिला है।

पीके ने कहा, “हमें बुनियादी बातों पर गौर करना चाहिए। अगर मौजूदा सरकार और उसके नेता के खिलाफ गुस्सा है, तो भी संभावना है कि कोई विकल्प न होने की वजह से लोग उन्हें वोट देने का फैसला कर सकते हैं। अभी तक तो हमने नहीं सुना कि मोदीजी के खिलाफ व्यापक जनाक्रोश है। निराशा हो सकती है, आकांक्षाएं अधूरी रह सकती हैं, लेकिन हमने व्यापक गुस्से के बारे में नहीं सुना है।”

उन्होंने कहा, “पीके ने कहा कि अगर 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें, तो चुनावी पंडितों ने भविष्यवाणी की थी कि बीजेपी को 272 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। इस बार बीजेपी के हक में भविष्यवाणी हो रही है। बीजेपी ने सीटों के लक्ष्य को 272 सीटों से हटाकर 370 कर दिया है। उनकी रणनीति की वजह से ही ज्यादातर रणनीतिकार बीजेपी की जीत की भविष्यवाणी कर रहे हैं।”

बीजेपी की 370 सीटों और एनडीए के 400 से ज्यादा के लक्ष्य पर एक सवाल के जवाब में प्रशांत किशोर ने कहा, “अगर बीजेपी 275 सीटें जीतती है तो क्या उसके नेता यह कहेंगे कि हम सरकार नहीं बनाएंगे क्योंकि हमने दावा 370 का किया था! इसलिए, हमें यह देखने की जरूरत है कि क्या उन्हें बहुमत का आंकड़ा 272 मिल रहा है। राजनीति और बकवास चलती रहेगी। जो कमेंट्री कर रहे हैं वो ऐसा करते रहेंगे। लेकिन मुझे कोई खतरा नहीं दिखता और एनडीए सत्ता में लौटता दिख रहा है।”

दिलचस्प बात यह है कि प्रशांत किशोर की यह भविष्यवाणी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मंगलवार के उस बयान के तुरंत बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव के प्रत्येक चरण के पूरा होने के साथ, यह स्पष्ट होता जा रहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार बाहर जा रही है और इंडिया ब्लॉक 4 जून को आ रहा है।  वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इंडिया ब्लॉक देश को एक स्थिर सरकार देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *