वानखेड़े में बेंगलुरु को जीते हुए हो गए 10 साल, मुंबई का रिकॉर्ड बेमिसाल?

नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2025 का 20वां मुकाबला आज यानी सोमवार, 7 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। एमआई वर्सेस आरसीबी मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले होगा। आज का मैच कौन जीतेगा फैंस के जहन में यह बड़ा सवाल है। दरअसल, हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस की फॉर्म इस सीजन अभी तक कुछ खास नहीं रही है, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 10 साल से वानखेड़े में नहीं जीती है।

मुंबई इंडियंस वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु हेड टू हेड रिकॉर्ड पर डालें तो, दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल 33 मैच खेले गए हैं जिसमें 19 मुकाबले जीतकर एमआई की टीम ने अपना दबदबा बनाया हुआ है। वहीं आरसीबी को मुंबई के खिलाफ 14 जीत मिली है।

आज का मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है तो यहां का रिकॉर्ड भी काफी मायने रखता है। आरसीबी ने मुंबई को उन्हीं के गढ़ में आखिरी बार 2015 में हराया था। इसके बाद एमआई ने लगातार 6 बार उन्हें इस मैदान पर धूल चटाई है। ये रिकॉर्ड देखकर तो एमआई का पलड़ा ही आज के दिन भारी नजर आ रहा है।

हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने इस सीजन अभी तक 4 मैच खेले हैं जिसमें उन्हें सिर्फ 1 ही जीत मिली है। यह जीत उन्होंने वानखेड़े के मैदान पर ही कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हासिल की थी। इसके अलावा एमआई चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स से हार चुकी है। मुंबई पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर है।

बात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की करें तो उनका अभी तक का सफर काफी शानदार रहा है। आरसीबी 3 में से 2 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर बनी हुई है। अगर आज बेंगलुरु मुंबई को हराने में कामयाब रहती है तो पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान भी हासिल कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *