उपचुनाव : कमलनाथ के गढ़ में भाजपा को मिली बड़ी जीत

भोपाल : मध्यप्रदेश में पार्षद की 13 सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को सात सीटों पर जीत मिली हैं। जबकि कांग्रेस 6 सीटों पर काबिज है। कमलनाथ के गढ़ में बीजेपी ने कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी को हरा दिया है। ये कई सालों से कांग्रेस का गढ़ भी बना हुआ है। छिंदवाड़ा नगर निगम के वार्ड 42 के उपचुनाव में बीजेपी के पार्षद प्रत्याशी संदीप सिंह चौहान ने 436 वोट से जीत दर्ज की। जिले की परासिया नगर परिषद के वार्ड छह से कांग्रेस प्रत्याशी पूजा पप्पू मरकाम की जीत हुई। बता दें कि दोनों ही सीट पार्षदों के निधन के बाद खाली हुई थीं। चौहान ने कांग्रेस के प्रत्याशी राजू गोस्वमी को 436 वोट से हराया। इसके लिए 13 जून को वोटिंग की गई थी।

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की छिंदवाड़ा नगरपालिका का एक पार्षद पद आज भारतीय जनता पार्टी के खाते में जाने पर पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वष्णिुदत्त शर्मा ने कहा कि छिंदवाड़ा से जनता ने कांग्रेस को आइना दिखाना शुरु कर दिया है। छिंदवाड़ा कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ का गृह क्षेत्र है। वहां के एक पार्षद पद पर आज भाजपा ने जीत हासिल की है।

इस जीत पर शर्मा ने कहा कि उपचुनाव में आज इतिहास बना है। छिंदवाड़ा में एक वॉर्ड पार्षद के उपचुनाव में, भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत रंग लाई है। छिंदवाड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की गरीब कल्याण की योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़ है। पार्षद चुनाव में कमलनाथ की अपील जारी करने के बाद भी सभी बूथों पर भाजपा ने जीत का इतिहास बनाया। पार्टी प्रत्याशी ने लगभग 62 फीसदी वोट पाए। उन्होंने कहा कि ये चुनाव 2023 के चुनाव का आगाज है। प्रत्येक बूथ पर हमने बूथ विजय का संकल्प लिया है, आज उसकी शुरूआत हुई है।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने छिंदवाड़ा से जीत का आगाज किया था। प्रधानमंत्री आवास, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी योजना की ताकत का प्रकटीकरण इस चुनाव से हुआ है। छिंदवाड़ा की जनता ने कमलनाथ को आइना दिखा दिया। विजय की शुरूआत हो गई है। अगली बार भाजपा 200 पार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *