गहलोत के सामने फिसली कांग्रेसी नेता की जुबान, कह बैठे सोनिया गांधी, राहुल गांधी मुर्दाबाद

जयपुर: राजस्थान की दूदू विधानसभा सीट से कांग्रेस ने बाबूलाल नागर पर दांव खेला है। नागर यहां से पार्टी के कद्दावर नेता हैं और गुरुवार को नामांकन रैली में उन्होंने भारी भीड़ जुटाते हुए इसका शक्ति प्रदर्शन भी किया। हालांकि इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की मौजूदगी में आयोजित सभा में उनकी जुबान फिसल गई। सभा में अपने समर्थकों को शांत करते हुए यह कह बैठे कि ‘बोलना है तो… कांग्रेस पार्टी और अशोक गहलोत जिंदाबाद… सोनिया गांधी राहुल गांधी मुर्दाबाद अभी मत बोलो’।

बाबूलाल नागर के समर्थक जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे…

कांग्रेस उम्मीदवार बाबूलाल नागर ने अपना नामांकन भरने के दिन मौजमाबाद रोड स्थित श्रीराम रिसोर्ट पर चुनावी सभा रखी थी। इसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहे। कांग्रेस राजस्थान प्रभारी सुखजिंद्र सिंह रंधावा भी उनके साथ थे। सभा में बाबूलाल नागर के समर्थक उनके जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। दरअसल, सुखजिंदर सिंह रंधावा के संबोधन के दौरान भी नागर समर्थकों की नारेबाजी बंद नहीं हुई। इस दौरान नागर मंच पर माइक हाथ में लेकर उन्हें शांत रहने की अपील करने पहुंचे।

अचानक ऐसे हुई बाबूलाल नागर से गलती

गुरुवार 2 नवंबर को दूदू विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बाबूलाल नागर ने अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले नामांकन सभा रखी गई। इसमें हजारों की तादाद में भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, बगरू से कांग्रेस प्रत्याशी गंगा देवी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे। रंधावा अपना भाषण दे रहे थे। इसी दौरान भीड़ लगातार बाबूलाल नागर जिंदाबाद के नारे लगा रही थी। भीड़ को शांत करने के लिए रंधावा के भाषण के बीच ही नागर अपनी सीट से उठे और माइक लेकर बोले कि ‘सब लोग सुनिए… आपको बोलना है कि कांग्रेस पार्टी और अशोक गहलोत जिंदाबाद, सोनिया गांधी राहुल गांधी मुर्दाबाद।’ सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मुर्दाबाद कहने के बाद नागर को उनकी गलती का अहसास नहीं हुआ। वे अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी उनको नहीं टोका।

नागर ने भी लगाए सोनिया गांधी और राहुल गांधी जिन्दाबाद के नारे

नागर की नामांकन सभा के दौरान कांग्रेस पार्टी और अशोक गहलोत के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नारे भी खूब लगे। स्वयं बाबूलाल नागर ने नारे लगाए लेकिन एक बार जुबान फिसलने से उनके मुंह से मुर्दाबाद शब्द निकल गया था जिसका अहसास वीडियो वायरल होने के बाद लगा। दरअसल, नागर की सभा के दौरान समर्थक केवल नागर के ही नारे लगाते हैं। तब वे उन्हें टोक रहे थे। सालभर पहले ग्रामीण खेल महोत्सव के दौरान भी नागर ने कार्यकर्ताओं को टोका था। उस दिन उन्होंने साफ कह दिया कि अगर अशोक गहलोत के अलावा किसी अन्य का नारा लगाया तो पुलिस से गिरफ्तार करवा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *