‘पहले सब हिन्दू ही थे, मुस्लिम धर्म तो 1500 साल पहले बना’, गुलाम नबी ने क्या बोल चौंकाया?

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आज़ाद का एक वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है. वे इसमें जम्मू कश्मीर के लोगों से कह रहे हैं कि हिन्दू धर्म इस्लाम से भी पुराना है. गुलाम नबी आज़ाद अपनी नई पार्टी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी (DPAP) की डोडा में हुई एक रैली को संबोधित कर रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने आगे कहा,

“सभी मुसलमान पहले हिन्दू ही थे. इस्लाम का जन्म 1500 साल पहले हुआ था. भारत में कोई भी बाहरी नहीं है. हम सब इस देश के हैं. भारत के मुसलमान मूल रूप से हिन्दू ही थे, जो बाद में धर्म बदल कर मुसलमान बन गए.”

गुलाम नबी आज़ाद ने कहा,

“कश्मीर में 600 साल पहले सिर्फ कश्मीरी पंडित रहते थे. फिर कुछ लोग धर्म बदलकर मुसलमान बन गए.”

भाईचारे और शांति की अपील

पहले कांग्रेस पार्टी में रहे नेता गुलाम नबी आज़ाद ने लोगों से भाईचारा, शांति और एकता बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा,”धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए. लोगों को धर्म के नाम पर वोट नहीं देना चाहिए.” उन्होंने धर्म की राजनीति करने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “राजनीति में जो मजहब का सहारा लेता है, वह कमजोर है. जिसको खुद पर विश्वास होगा, वो मजहब का सहारा नहीं लेगा. जो सही आदमी है, वो ये बताएगा कि मैं आगे क्या करूंगा, कैसे विकास करूंगा. लेकिन जो कमजोर है, वो यही कहेगा कि मैं हिंदू हूं या मुसलमान हूं. इसलिए मुझे वोट दो.”

गुलाम नबी आज़ाद ने आगे कहा कि मुसलमान भी इस जमीन में मिल जाता है. उसका मांस, उसकी हड्डियां भी इसी भारत माता की धरती का हिस्सा बन जाते हैं. तो फिर हिंदू-मुसलमान क्यों करना? दोनों इसी मिट्टी में मिल जाते हैं. कहने का मतलब है कि ये सब सिर्फ सियासी जंग है.

गुलाम नबी आज़ाद कांग्रेस पार्टी के सदस्य रहे हैं. साथ ही वे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे. उन्होंने अगस्त 2022 में कांग्रेस छोड़कर अपनी नई पार्टी बनाई है. गुलाम नबी आज़ाद ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया था. फिर उन्होंने अपनी नई पार्टी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी बनाई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *