MP : पैदा होने वाली हर लाड़ली बनेगी लखपति, जानें क्या है सरकार की योजना

भोपाल : मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा में विकास पर्व के अंतर्गत आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘भारतीय जनता पार्टी की सरकार एक-एक परिवार को हर साल 72 हजार रुपये दे रही है। प्रदेश में जिन नागरिकों के पास रहने के लिए जमीन नहीं है, उनको सरकार की ओर से पट्टा देने की योजना है। हम स्कूल के टॉपर बच्चे को स्कूटी दिलवा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई का खर्च शिवराज सरकार उठा रही है। फीस कितनी भी हो फीस मम्मी-पापा नहीं मामा शिवराज भरवाएंगे। 15 अगस्त तक एक लाख पदों पर भर्ती पूरी हो जाएगी, इसके बाद भी भर्ती अभियान जारी रहेगा। सरकार ने युवाओं के लिए मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना बनाई है। 13 अगस्त से इसकी शुरुआत हो रही है।’

138 करोड़ रुपये के विकासकार्यों की सौगात

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर लगभग 138 करोड़ रुपये के विकासकार्यों की विभिन्न सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने 59.89 करोड़ रुपये लागत की नल जल योजना और 42 करोड़ रुपये लागत की सड़क समेत अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने यहां ऐतिहासिक रोड-शो भी किया। इस रोड-शो में काफी जन-सैलाब उमड़ा।

कांग्रेस पर बरसे सीएम शिवराज सिंह चौहान

कांग्रेस पर बरसते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस ने बानसुजारा सिंचाई परियोजना जैसी बनाई क्या? कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू छोड़ा था, हमने विकासशील बनाया।

सीएम ने कहा- बेटियों के बिना नहीं चलेगी दुनिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों के बगैर यह दुनिया नहीं चल सकती। इसलिए मैंने सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई। सीएम ने कहा कि मैंने तय किया कि मध्य प्रदेश की धरती पर अगर बेटी पैदा होगी तो वह लखपति पैदा होगी। आज प्रदेश की हर बेटी लखपति पैदा हो रही है।

ऐसे बढ़ाई जाएगी 3 हजार राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भाग्यशाली भाई हूं, जिसकी सवा करोड़ बहनें हैं। एक साल में बहनों के खातों में 15 हजार करोड़ रुपये डाले जाएंगे। पैसे का इंतजाम होते ही 1 हजार 250 रुपये बहनों के खाते में डाले जाएंगे। ढाई-ढाई सौ रुपये बढ़ाकर लाड़ली बहना योजना की राशि 3 हजार रुपये तक की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व सहायता समूहों के माध्यम से बहनों की आमदनी 10 हजार रुपये महीना करना हमारी सरकार का लक्ष्य है। फिर 10 तारीख आ रही है, 10 तारीख को ठीक 2 बजे आपके खाते में पैसे डालूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं 28 अगस्त को बहनों से संवाद करूंगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा मध्यप्रदेश में मजबूत की, बेटियों से दुराचार करने वालों के घर बुलडोजर चल रहे, शहरों और गांव में शराब के अहाते बंद किए गए हैं।

शिवराज ने कहा, ‘कमलनाथ से बचके रहना’

सीएम शिवराज ने पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि यह कांग्रेस ने तो हमारी कई योजनाएं बंद कर दी थी। बैगा, भारिया, और सहरिया बहनों को जो हम कांग्रेस ने 1000 रुपये महीने देते थे, कमलनाथ ने वह बंद कर दी थी। वह कमलनाथ नहीं करप्शन नाथ निकले। ऐसी सरकार से बचकर रहना।

कांग्रेस ने ब्याज चढ़ाया, हमने उतारा

सीएम शिवराज ने कहा कि किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये प्रधानमंत्री मोदी जी दे रहे हैं। अब मध्य प्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 6 हजार रुपये देगी। किसानों को कुल 12 हजार रुपये मिलेंगे। कांग्रेस की सरकार के समय किसानों को 18% ब्याज पर कर्ज मिलता था, लेकिन मेरी सरकार ने हमने इसे धीरे-धीरे कम कर 0% किया। आज किसानों को कर्ज लेने में ब्याज नहीं देना पड़ता।

कमलनाथ ने गरीबों का मजाक बनाया

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने गरीबों को जूते-चप्पल पहनाईं तो कमल नाथ ने मजाक उड़ाया। सीएम ने कहा कि अरे कमल नाथ तुम क्या जानों नंगे पैर चलने का दर्द। तुम तो उद्योगपति हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *