स्पॉट फिक्सिंग का खुलासा करने वाले क्रिकेटर पर ICC ने लगाया साढ़े तीन साल का बैन

नई दिल्ली l अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान ब्रैंडन टेलर पर सभी प्रकार के क्रिकेट से साढ़े तीन साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है. टेलर ने आईसीसी एंटी करप्शन कोड के चार आरोपोें के साथ ही एंटी-डोपिंग कोड से जुड़े एक अन्य आरोप को भी स्वीकार कर लिया. आईसीसी ने कहा कि डोपिंग के लिए टेलर पर अधिकतम एक महीने का प्रतिबंध लगेगा, जो साढ़े तीन वर्षों के निलंबन के साथ-साथ चलेगा.

टेलर ने 2004-2021 के बीच 284 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने 17 शतकों के साथ 9,938 रन बनाए. उन्होंने पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था.

आईसीसी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि टेलर न केवल प्रस्ताव का खुलासा करने में विफल रहे, उन्होंने कथित भ्रष्टाचारियों से आतिथ्य उपहार और नकद स्वीकार किया. एक आरोप के अनुसार टेलर (बिना अनावश्यक देरी के) एंटी करप्शन यूनिट (ACU) को श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ जिम्बाब्वे की आगामी सीरीज में भ्रष्ट आचरण में शामिल होने के मिले प्रस्ताव का खुलासा करने में विफल रहे थे.

टेलर पर एसीयू जांच में बाधा डालने या देरी करने का भी आरोप लगाया गया. इसमें किसी भी दस्तावेज या अन्य जानकारी को छुपाना, उस जांच से जुड़े सबूत के साथ छेड़छाड़ करके उसे नष्ट करना शामिल है. आईसीसी ने कहा कि टेलर ने भ्रष्टाचार विरोधी ट्रिब्यूनल की इकाई का सामना करने के बजाय आरोपों और सजा को स्वीकार करने का निर्णय लिया.

आईसीसी ने बताया कि डोपिंग का आरोप 8 सितंबर 2021 को आयरलैंड और जिम्बाब्वे के विरुद्ध मैच के दौरान किए गए टेस्ट के बाद लगाया गया. यह आरोप भ्रष्टाचार के आरोपों से अलग लगाया गया. आईसीसी के एंटी डोपिंग कोड के तहत टेलर बेंजॉयलेकॉग्नाइन पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए गए थे.

ब्रैंडन टेलर ने सोमवार को एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने कई गंभीर खुलासे किए थे. ब्रैंडन टेलर के मुताबिक उन्हें‌ स्पॉट फिक्सिंग के लिए अप्रोच किया गया था, जिसका आरोप उन्होंने किसी भारतीय बिजनेसमैन पर लगाया था. इसके अलावा ब्रैंडन टेलर ने बताया था कि उन्हें कोकेन भी दी गई थी, जिसके बाद वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया गया. इसके अलावा टेलर ने डेली मेल को बताया कि अपने वह अंतिम अंतररा‌ष्ट्रीय मैच में पकड़े जाने से पहले वह कई वर्षों तक ड्रग्स टेस्ट में बचते रहे. उन्होंने कहा था, ‘पिछले ढाई वर्षों में मैं कई बार बचता रहा, लेकिन वह मुझे मेरे विनाश की ओर ले जा रहा था.


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *