भारत ने 4×400 मीटर मिक्स रिले में चीन को दी मात, रिकॉर्ड समय में जीता गोल्ड

नई दिल्ली। भारत ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 4×400 मीटर मिक्स रिले का खिताब एक बार फिर अपने नाम कर लिया। यह रेस बुधवार को दक्षिण कोरिया के गुमी में हुई। भारतीय टीम में रूपल चौधरी, संतोष कुमार तमिलरासन, विशाल टीके और शुभा वेंकटेशन शामिल थे। उन्होंने 3 मिनट 18.12 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह भारत का एशियाई चैंपियनशिप में मिक्स रिले में तीसरा मेडल है। इससे पहले भारत ने 2023 में गोल्ड और 2019 में सिल्वर मेडल जीता था। 2019 में पहली बार यह इवेंट शुरू हुआ था।

संतोष ने पहली दौड़ में भारत को बढ़त दिलाई और बैटन रूपल को दी। रूपल ने चीन की धाविका से कड़ी टक्कर ली और बढ़त बनाए रखी। फिर उन्होंने बैटन विशाल को दी, जिन्होंने शुरुआती दबाव को झेलते हुए भारत की बढ़त को और मजबूत किया। आखिर में शुभा ने शानदार तरीके से दौड़ पूरी कर भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। चीन ने 3:20.52 सेकंड में रेस पूरी कर सिल्वर मेडल जीता और श्रीलंका ने 3:21.95 सेकंड में दौड़ पूरी कर ब्रॉन्ज मेडल पाया।

रूपल ने भारत ने के लिए रचा इतिहास

रूपल ने बुधवार को ही व्यक्तिगत महिला 400 मीटर स्पर्धा में रजत पदक भी जीता। रूपल के अलावा पूजा (1500 मीटर) ने रजत पदक जीते जबकि यूनुस शाह ने पुरुष 1500 मीटर में कांस्य पदक अपने नाम किया। रूपल ने 2022 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने उस समय चार गुणा 400 मीटर रिले में रजत और महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

वहीं अधिकांश समय अमेरिका में रहने वाले तेजस्विन शंकर भारत के लिए रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने शामिल रहे। तेजस्विन ने 10 स्पर्धाओं की डेकाथलन प्रतियोगिता में 7618 के स्कोर से दूसरा स्थान हासिल किया। वह चीन के फेई शियांग (7634) से पीछे और जापान के केइसुके ओकुडा (7602) से आगे रहे। प्रवीण चित्रावेल ने पुरुष त्रिकूद में 16.90 मीटर के प्रयास से रजत पदक जीता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *