नई दिल्ली : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने खुद को तेजी से बदला है। बीते कुछ सालों का रुख करें तो मौसम विभाग की ओर से मौसम की सटीक जानकारी दी गई। यही कारण है कि भारतीय मौसम विभाग यानी IMD दुनिया में सबसे बेहतर है। कुछ ऐसा कहना है पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरण रीजीजू का। उन्होंने बुधवार को कहा, भारत की मौसम पूर्वानुमान प्रणाली दुनियाभर की सभी प्रणालियों से बेहतर है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, बीते कुछ सालों में उसके नतीजे सटीक रहे हैं। 2014 से आईएमडी ने बेहतरीन काम किया है और इसने चक्रवात बिपारजॉय का सटीक पूर्वानुमान जताया था। उन्होंने आगे कहा, जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भूमिका अहम हो गई है।
तीन सालों में 68 होंगे डॉप्टर रडार
केंद्रीय मंत्री ने कहा, हमारी मौसम पूर्वानुमान प्रणाली और उसके नतीजे बीते कुछ सालों के दौरान दुनिया की सभी अन्य प्रणालियों से बेहतर रहे हैं। अगले तीन सालों में देश में डॉप्लर रडार की संख्या 35 से बढ़ाकर 68 कर दी जाएगी। जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर आईएमडी की अहम भूमिका बताते हुए रीजीजू ने कहा, हम आपदाओं को तो रोक नहीं सकते हैं, लेकिन आईएमडी की चेतावनियों का पालन कर उनका प्रभाव कम कर सकते हैं।
