कांग्रेस में होगी सिंधिया के साथ गए विधायकों की वापसी!

भोपाल: एमपी विधानसभा चुनाव में इस बार महाराज और युवराज के बीच में टक्कर देखने को मिलेगी। महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं और युवराज दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह हैं। ग्वालियर-चंबल इलाके में कई मौकों पर इसके संकेत देखने को मिले हैं। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने इन तमाम सवालों पर नवभारत टाइम्स.कॉम से एक्सक्लूसिव बातचीत की है। इसके साथ ही उन्होंने जन आक्रोश यात्रा में दिग्विजय सिंह के तस्वीर नहीं होने पर भी जवाब दिया है।

जयवर्धन सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में कोई युवराज और महाराज नहीं होता है। जनता ही राजा होती है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुकाबले बात पर उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से राजनीति में हमेशा संगठन की बात होती है। व्यक्ति विशेष की बात नहीं है। ग्वालियर-चंबल के इलाके में हमारे पास आज भी अनेकों दिग्गज नेता हैं। हमें दिख रहा है कि एक संभाग में एक व्यक्ति का दायित्व नहीं रहता है। ग्वालियर-चंबल के इलाके में हमारे अनेक बड़े नेता हैं। हम सभी मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल की अधिकांश सीटों पर कांग्रेस को जीत मिलेगी।

वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ गए लोग वापस कांग्रेस में लौट रहे हैं। इस सवाल पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि जो लोग वापस आ रहे हैं, वो विधायक के पद पर नहीं थे। जिन लोगों ने तीन साल पहले जनता का मत भेजा है, उनको हम कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इसका मतलब साफ है कि सिंधिया के साथ गए विधायकों की वापसी कांग्रेस में नहीं होगी।

इसके साथ ही कांग्रेस में चेहरे को लेकर संशय की स्थिति रहती है। जयवर्धन सिंह ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला ने अब कह दिया है कि एमपी में कमलनाथ ही चेहरा हैं। हम सभी लोग उनके साथ खड़े हैं। वहीं, अपनी भूमिका को लेकर जयवर्धन सिंह ने कहा कि मैं कार्यकर्ता के रूप में रहूंगा।

वहीं, अपने पिता दिग्विजय सिंह की भूमिका के सवाल पर कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है। आगे भी वह हमेशा करते रहेंगे। इसके साथ जन आक्रोश यात्रा के लिए जो पोस्टर हैं, उसमें दिग्विजय सिंह का चेहरा नहीं है। इस पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि उसमें उन नेताओं के पोस्टर हैं, जिन्हें यात्रा में प्रभार दिया गया है। सात अलग-अलग यात्राएं हैं, सातों प्रभारियों की तस्वीर उसमें है।

इसके साथ ही एमपी चुनाव में कांग्रेस को कितनी सीटें आएंगी। इस पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि हमें इसे बार 150 से अधिक सीटें मिलेंगी। प्रदेश में 19 सितंबर से जन आक्रोश यात्रा शुरू हो रही है। जयवर्धन सिंह ने चुनाव की तैयारियों को लेकर कहा कि हमलोग लगातार इसमें जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *