एक हसीना 2 दीवाने और पति का मर्डर, फिर…

नोएडा। नोएडा पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के देवला गांव में रहने वाले आलोक सिंह के ब्लाइंड मर्डर केस का शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि आलोक की हत्या उसकी पत्नी के पूर्व प्रेमी ने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रेमी और उसके फुफेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा हृदेश कठेरिया ने बताया कि 29 अक्टूबर की सुबह देवला गांव में रहने वाला आलोक सिंह फैक्ट्री में नौकरी के बाद वापस घर नहीं आया था। इस पर 30 अक्टूबर को उसके भाई ने आलोक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक नवंबर को आलोक का शव मिग्शन सोसाइटी के पास पड़ा मिला। आलोक के भाई ने एफआईआर में आलोक की पत्नी और उसके प्रेमी रवि को नामजद करवाया था। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि आलोक सिंह की पत्नी के पूर्व प्रेमी सर्वेश ने नए प्रेमी रवि को फंसाने के लिए आलोक की हत्या की थी।

आरोपी सर्वेश के आलोक की पत्नी से अवैध संबंध थे। उसका मकसद आलोक सिंह की हत्या कर रवि को फंसाना था। इसके बाद वह आलोक की पत्नी के साथ रहना चाहता था। उसने अपने फुफेरे भाई रिंकू के साथ मिलकर आलोक की हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है।

पति करता था पत्नी के अवैध संबंध का विरोध

सूरजपुर कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी सर्वेश और आलोक के बीच दोस्ती थी। इसी के चलते सर्वेश का आलोक सिंह के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसके आलोक सिंह की पत्नी से अवैध संबंध हो गए। पांच महीने से आलोक सिंह की पत्नी का एक और युवक रवि के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह बात पूर्व प्रेमी सर्वेश को बर्दाश्त नहीं हो रही थी। उधर, आलोक सिंह भी सर्वेश और अपनी पत्नी के बीच चल रहे संबंध का विरोध करता था। इसके चलते सर्वेश ने आलोक सिंह की ट्रॉला के केबिन में हत्या कर दी था।

इसलिए रची साजिश

सर्वेश का मकसद आलोक की हत्या के बाद उसकी पत्नी के साथ रहना था। सर्वेश चाहता था कि आलोक सिंह की हत्या में रवि को फंसा दिया जाए। इसके बाद रवि जेल चला जाएगा और आलोक की मौत के बाद वह आराम से उसकी पत्नी के साथ रह सकेगा। योजना के मुताबिक, उसने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर ट्रॉला के केबिन में आलोक की हत्या की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने सिर पर लोहे की रॉड से वार कर पहले उसे घायल किया था। इसके बाद गला दबाकर हत्या की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *