रोहित शर्मा को PAK नहीं भेजने के फैसले पर भड़का PCB, कही ये बात

नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अधिकारी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के कथित फैसले पर चिंता व्यक्त की है, जिसमें 19 फरवरी से शुरू होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के उद्घाटन समारोह के लिए भारत के कप्तान रोहित शर्मा को पाकिस्तान नहीं भेजने का फैसला किया गया है।

रोहित के पाकिस्तान में पारंपरिक कप्तानों के फोटो शूट और प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी शामिल होने की उम्मीद थी। बता दें कि भारत 23 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच सहित अपने सभी चैंपियंस ट्रॉफी मैच दुबई में खेलेगा। इस बीच, बीसीसीआई ने न तो रोहित को पाकिस्तान भेजने से इनकार किया है और न ही उनकी यात्रा की पुष्टि की है।

बीसीसीआई के फैसले से PCB निराश

हालांकि, पीसीबी अधिकारी ने उन रिपोर्टों पर अपनी निराशा व्यक्त की, जिनमें कहा गया था कि भारतीय टीम अपने टूर्नामेंट की जर्सी पर पाकिस्तान का नाम नहीं पहनेगी। पीसीबी के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर सोमवार को आईएएनएस से कहा कि, ‘बीसीसीआई क्रिकेट में राजनीति ला रहा है, जो खेल के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया। वे अपने कप्तान को उद्घाटन समारोह के लिए पाकिस्तान नहीं भेजना चाहते हैं, अब ऐसी खबरें हैं कि वे मेजबान देश (पाकिस्तान) का नाम अपनी जर्सी पर नहीं छपवाना चाहते हैं।’

पाकिस्तान को ICC से उम्मीद

उन्होंने कहा कि, ‘हमारा मानना ​​है कि विश्व शासी निकाय (ICC) ऐसा नहीं होने देगा और पाकिस्तान का समर्थन करेगा।’ शनिवार को भारत ने आठ टीमों के इस टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें रोहित शर्मा को कप्तान और शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाया गया, जबकि मोहम्मद शमी, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को भी टीम में शामिल किया गया।

23 फरवरी को होगा भारत-पाकिस्तान का मैच

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के पिछले सीजन में भारत, पाकिस्तान से हारने से पहले फाइनल में पहुंचा था। भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को दुबई में बांग्लादेश के खिलाफ करेगा और उसके बाद 23 फरवरी को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा। भारत अपने अंतिम ग्रुप स्टेज के मैच में 2 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *