पीएम मोदी बोले- कांग्रेस की केवल एक पहचान- विश्वासघात

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को महाराष्ट्र में तूफानी दौरा किया और कई जनसभाओं को संबोधित किया। धाराशिव में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से पूछा, “क्या एक कमजोर सरकार एक मजबूत राष्ट्र बना सकती है? उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमले करते हुए जनता से पूछा कि “क्या कांग्रेस सरकार भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती है?” उन्होंने कहा, “कांग्रेस की केवल एक ही पहचान है – विश्वासघात।”

प्रधानमंत्री बोले- पार्टी ने 60 सालों से महाराष्ट्र को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाया

प्रधानमंत्री ने कहा कि विदर्भ हो या मराठवाड़ा, वर्षों से यहां के लोगों के साथ बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाने का ‘पाप’ होता रहा है। कांग्रेस को देश ने 60 साल तक राज करने का मौका दिया और इन 60 वर्षों में दुनिया के अनेक देश पूरी तरह से बदल गए लेकिन कांग्रेस किसानों के खेत तक पानी नहीं पहुंचा पाई। उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2014 में करीब 100 सिंचाई परियोजनाएं ऐसी थीं जो कई दशकों से लटकी पड़ी थीं। इसमें से 26 परियोजनाएं महाराष्ट्र से थीं। सोचिए, कितना बड़ा धोखा कांग्रेस ने महाराष्ट्र को दिया है।

मोदी बोले- “विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बड़ी”

महाराष्ट्र के ही माढ़ा में एक अन्य सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पिछले 10 वर्षों में हजारों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों में शामिल हुई हैं। वर्षों से महिलाएं गांवों के तेजी से विकास में योगदान दे रही हैं। हमने एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया है। भारत में जल्द ही तीन करोड़ लखपति दीदी होंगी और यह मेरी गारंटी है…।”

गन्ना किसानों के बकाए को लेकर शरद पवार पर भी साधा निशाना

इससे पहले मोदी ने सोलापुर जिले के मालशिरस में एक रैली में कहा, ‘‘जब महाराष्ट्र के बड़े नेता केंद्रीय कृषि मंत्री थे, तब किसान अपने बकाये के लिए गन्ना आयोग के चक्कर लगाते थे।’’ शरद पवार का नाम लिए बिना सोमवार को एक रैली में उन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा था, ‘‘महाराष्ट्र में एक ‘भटकती आत्मा’ है। यदि उसे सफलता हासिल नहीं होती है तो वह दूसरों के अच्छे काम को खराब करती है। महाराष्ट्र इसका शिकार रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह खेल 45 साल पहले इसी नेता ने शुरू किया था। यह सिर्फ उनकी निजी महत्वाकांक्षा के लिए था और फिर महाराष्ट्र हमेशा एक अस्थिर राज्य रहा। इसी का नतीजा था कि कई मुख्यमंत्री अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए।’’ मालशिरस रैली में मोदी ने मतदाताओं से कहा कि वे कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के पक्ष में मतदान करके अपना वोट बर्बाद ना करें। उन्होंने कहा, ‘‘अपना वोट उन्हें देकर क्यों बर्बाद किया जाए जो लोकसभा में साधारण बहुमत के लिए जरूरी न्यूनतम सीटों पर भी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि जब देश में एक मजबूत सरकार होती है, तो उसका ध्यान वर्तमान के साथ-साथ भविष्य पर भी होता है। मोदी ने कहा कि लोग उनकी सरकार के 10 साल और कांग्रेस के 60 साल के शासन के बीच अंतर देख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस 60 वर्षों में जो नहीं कर पाई, आपके इस सेवक ने 10 साल में करके दिखाया है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *