राजनीति ना हुई, IPL हो गया, पता ही नहीं चल रहा कौन किधर से खेल रहा : उद्धव ठाकरे

मुंबई : भारत में राजनीति आईपीएल की तरह हो गई है। किसी को नहीं पता कि कौन किस तरफ से खेल रहा रहा है। यह बात महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना पर तंज कसते हुए कही। मीडिया को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि देश और महाराष्ट्र में राजनीति बेहद निचले स्तर पर चली गई है। लोग काफी ज्यादा अपसेट हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों को लोगों की समस्याओं से सरोकार नहीं रह गया है। सरकार आपके द्वार नाम से कार्यक्रम चलाया जा रहा है और घरों में लोगों का क्या हाल है, सरकार को इससे मतलब नहीं।

ठाकरे ने किया था फडणवीस पर हमला

गौरतलब है कि कभी उद्धव ठाकरे के करीबी रहे एकनाथ शिंदे ने बगावत करके भाजपा से हाथ मिलाया और मुख्यमंत्री बन गए। बाद में उन्होंने शिवसेना के नाम और सिंबल पर भी अधिकार हासिल कर लिया। हाल ही में शिंदे सरकार में कुछ नए मंत्री बने हैं। यह मंत्री शरद पवार के भतीजे अजित पवार की बगावत के बाद एनसीपी में हुई टूट से निकले विधायक हैं। अजित पवार भी शिंदे सरकार में डिप्टी सीएम हैं। ताजा हमले में ठाकरे ने कहा कि फडणवीस अपनी उस बात से पलट गए हैं, जिसमें उन्होंने कभी एनसीपी से हाथ न मिलाने की बात कही थी। ठाकरे ने आगे कहा कि भाजपा नेता अपने गृह जनपद नागपुर पर कलंक हैं।

ठाकरे की हो रही आलोचना

ठाकरे की इस टिप्पणी के लिए उनकी जमकर आलोचना हो रही है। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी ठाकरे पर निशाना साधा है। गडकरी ने कहा कि इस तरह के निजी आरोप लगाकर सही उदाहरण पेश नहीं किया है। उन्होंने कहा कि निम्न स्तर की यह राजनीति महाराष्ट्र की संस्कृति के अनुकूल नहीं है। इस पर ठाकरे ने यह कहते हुए सवाल उठाया कि मेरे द्वारा एक शब्द का इस्तेमाल करने से इतनी नाराजगी है। भाजपा के लोग तो पूरा परिवार तबाह कर देते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इन लोगों को आईना दिखाया है। इन लोगों ने मेरी सेहत पर टिप्पणी की मैंने तो सिर्फ कलंक कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *