सोशल मीडिया पर सूसाइड की पोस्ट डालकर दिल्ली से लापता हुए रैपर आदित्य, जबलपुर में मिले

नई दिल्ली l सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर 2 जून को अचानक लापता हुए रैपर आदित्य तिवारी को साउथ दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश में ढूंढ लिया। वह अपने एक दोस्त के पास थे। पुलिस उन्हें दिल्ली लेकर आ रही है। पुलिस का कहना है कि दिल्ली लाने के बाद पूरे मामले का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पता लगा है कि पिछले दिनों वह काफी तनाव में आ गए थे। इस कारण उन्होंने ऐसा किया।

डीसीपी अतुल ठाकुर ने बताया कि 4 जून को लापता हुए रैपर आदित्य तिवारी (23) की मां की ओर से महरौली थाने में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा 2 जून से गायब है। आदित्य ने सोशल मीडिया पर स्यूसाइड नोट भी अपलोड किया है। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद आ रहा है। इससे वह बहुत अधिक डर गई थी। किसी अनहोनी के डर से वह पुलिस के पास पहुंची और मदद मांगी।

तफ्तीश के दौरान एसआई संदीप, सिपाही विनोद और विजय को उनके बारे में पता लगा कि वह जबलपुर में हैं। पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंची। वह अपने एक दोस्त के पास थे। पुलिस अब उन्हें जबलपुर से दिल्ली ला रही है। पुलिस ने बताया कि काफी समय पहले उनके द्वारा सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट पर काफी लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी। यह मुद्दा एक बार फिर से उछलना शुरू हो गया था। इससे वह काफी आहत हुए थे। शायद उनके अचानक इस तरह से लापता होने के पीछे यह भी एक बड़ा कारण हो सकता है। सोशल मीडिया पर लापता होने से पहले उन्होंने जो स्यूसाइड नोट की तरह एक पोस्ट अपडेट की थी। उसमें उन्होंने यमुना नदी का भी जिक्र किया था।

इसमें उन्होंने कहा था कि जिंदगी के संघर्ष और समस्याओं से वह परेशान हो चुके हैं। उन्होंने सोचा था कि एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा और वह शांत हो जाएंगे। उन्होंने लिखा था कि मौजूदा समय में वह एक पुल पर खड़े हैं और यमुना नदी की ओर देख रहे हैं। यहां मेरी हर समस्याओं का जवाब मिल रहा है। उन्होंने इसमें माफी भी मांगी थी। पुलिस ने बताया कि लंबे-चौड़े लिखे इस नोट में उन्होंने काफी बातें लिखीं। इसके बाद से उनके परिजन काफी परेशान हो गए थे। अच्छी बात यह है कि वह सही सलामत है।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *