चैंपियंस ट्रॉफी : रोहित शर्मा की किस्मत ने फिर दिया धोखा, बन गया सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड का दुबई में आमना-सामना हो रहा है। ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के बाद दोनों टीमें अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में एक-दूसरे का सामना कर रही हैं। इस मैच में दोनों टीमों की नजरें जीत पर लगी हैं। जो भी टीम जीतेगी वो ग्रुप-ए में टॉप पर फिनिश करेगी और फिर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर टॉस जीतने में सफल रहे। सैंटनर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। इसके साथ ही रोहित शर्मा के नाम बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, रोहित शर्मा वनडे में लगातार 10वीं बार टॉस हार गए हैं।

50 ओवर फॉर्मेट में लगातार 10 टॉस हारने वाले वह पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। यही नहीं, वह लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने के मामलें में अब तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस मामलें में पहले पायदान पर ब्रायन लारा है। लारा के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा लगातार 12 टॉस हारने का शर्मनाक रिकॉर्ड है। वहीं, पीटर बोरेन दूसरे स्थान पर हैं। बोरेन ने लगातार 11 बार टॉस हारा।

वनडे में किसी कप्तान द्वारा लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने का रिकॉर्ड

  • 12 – ब्रायन लारा
  • 11 – पीटर बोरेन
  • 10 – रोहित शर्मा

टीम इंडिया को लगातार 13वें मैच में टॉस में हार मिली। भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल से टॉस हारने का सिलसिला शुरू किया था, जो अब तक जारी हैं। टीम इंडिया ने पिछले ही मैच में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने का शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इससे पहले ये रिकॉर्ड नीदरलैंड (11 बार लगातार टॉस में हार) के नाम था।

वरुण चक्रवर्ती पहली बार खेल रहे ICC वनडे टूर्नामेंट में मैच

आज के मैच में दोनों टीमों ने एक-एक बदलाव किया है। न्यूजीलैंड की टीम में डेवोन कॉन्वे नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह पर डेरिल मिचेल टीम में आए हैं। वहीं, भारत ने हर्षित राणा को बाहर करते हुए वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *