रूठा मॉनसून, अब कब तक झेलनी होगी भयानक गर्मी की तपन?

मुंबई : झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में लोगों को मॉनसून का इंतजार है। लेकिन मुंबईवासियों के लिए यह इंतजार थोड़ा लंबा हो सकता है। गर्मी और उमस से थोड़ी राहत देने के बाद मॉनसून मुंबई से रूठ गया है। अगले 5 दिन बेहद कम बारिश होने का अनुमान मौसम वैज्ञानिकों ने जताया है। मॉनसून की रफ्तार कम होने की वजह से मुंबईकरों को आगामी एक सप्ताह तक गर्मी और उमस की समस्या से जूझना होगा।

मॉनसून ने मुंबई में दी दस्तक
शनिवार को मॉनसून ने मुंबई में दस्तक दी थी। मुंबई समेत आस-पास के इलाकों में ठीक-ठाक बारिश हुई। आईएमडी ने 24 घंटे पहले सांताक्रुज में 56.8 एमएम और कोलाबा में 62.8 एमएम बारिश दर्ज की है। मॉनसून के कमजोर पड़ने की वजह से दूसरे दिन सांताक्रुज में 23 एमएम और कोलाबा में 37.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम का आकलन करने वाली संस्था स्काइमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत के अनुसार, निम्न दबाव की रेखा के कमजोर पड़ने की वजह से मॉनसून कमजोर पड़ गया है।

मॉनसून से 40 फीसदी कम बारिश
18 जून के बाद अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। महेश के मुताबिक, देश में मॉनसून के दस्तक देने के बाद से अब तक 40 फीसदी कम बारिश हुई है। बारिश के आगमन के साथ ही लोगों ने गर्मी और उमस से निजात पाने की उम्मीद लगाई थी। रविवार को सांताक्रुज में अधिकतम 33.2 डिग्री सेल्सियस और कोलाबा में 31 डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज किया गया। जून में अब तक सांताक्रुज में 79.8 एमएम और कोलाबा 100.2 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *